जामताड़ा के 13 मजदूर लद्दाख में फंस गये हैं. एक मजूदर की मौत भी हो गई है. वाट्सएप के जरिये मजदूरों ने परिवारवालों को इसकी जानकारी दी. जिसके बाद जामताड़ा के मिहिजाम और बिंदापाथर में कोहरमा मच गया. 13 में से 5 मिहिजाम और 8 बिंदापाथर के रहने वाले हैं. परिजन ने अब सरकार और प्रशासन से उन्हें सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है.

जानकारी के मुताबिक 14 मजदूर गत 2 मई को एक ठेकेदार के कहने जामताड़ा से लद्दाख गये थे. वहां काम के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई. इस मामले में वहां की पुलिस ने ठेकेदार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया. इससे बाकी बचे 13 मजदूरों को वहां काम मिलना बंद हो गया. अब उन्हें खाने-पीने तक के पैसे नहीं हैं. ऐसे में वे वहां पर फंस गये हैं. मजदूरों ने किसी दूसरे शख्स से मोबाइल लेकर वाट्सएप के जरिये बुधवार को इसकी जानकारी जामताड़ा स्थित परिजनों को दी. इसके बाद परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय थाने को दी है.

एक मजदूर की मां ने कहा कि बाहर से कुछ लोग आए थे और बच्चों को कहा कि कश्मीर काम के लिए जाना है. हमलोगों से बिना पूछे वे कश्मीर चले गये. अब पता चल रहा है कि वे लोग वहां फंस गये हैं. सरकार से गुहार है कि हमारे बच्चों को वहां से वापस सुरक्षित हमारे पास पहुंचा दे. पिता का कहना है कि बच्चे वहां भूखे- प्यासे हैं. उनके पास पैसे नहीं है कि कुछ खा- पी सके. सरकार से विनती है कि उन्हें वहां से झारखंड वापस लाने की जल्द पहल करे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours