रांची- बीते दिन रांची में चुनाव की चेकिंग में पूर्व माइनिंग अफसर निरंजन प्रसाद से पकड़े गए 51 लाख रुपये चुनाव फंडिंग में दिए जाने थे। लोकसभा चुनाव में फंडिंग किए जाने के लिए यह पैसा जमशेदपुर के एक नेता को दिया जाना था। पुलिस सूत्रों के अनुसार जब्त किए गए रुपये जमशेदपुर में एक पार्टी के नेता को देने के लिए ले जाए जा रहे थे। लोकसभा चुनाव में फंडिंग की उन्हें जिम्मेवारी मिली थी।

रांची के नामकुम से निलंबित खनन पदाधिकारी निरंजन प्रसाद को 51 लाख रुपये के साथ हिरासत में लिया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने पर नामकुम थाना क्षेत्र के चाय बगान काली नगर के पास से शुक्रवार की सुबह करीब 5:30 बजे नैनो कार (जेएच-05-एई-3635) को रोककर जांच की गई। इस दौरान उस कार से 51 लाख रुपये बरामद किए गए।

सारे पैसे कार में बिछे मैट में छुपाकर रखे गए थे। साथ में एक थैला भी रखा था। कार में लोहरदगा जिला के तत्कालीन सहायक खनन पदाधिकारी निरंजन प्रसाद और उनकी पत्नी और मां बैठी थीं। पत्नी और मां को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया है। पुलिस व आयकर विभाग निरंजन के पास से जब्त रुपये की जांच में जुटा है। उनकी संपत्ति की भी जांच चल रही है।

आयकर विभाग ने पूरे रुपये को जब्त कर लिया है। आयकर विभाग की अनुसंधान टीम के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि निरंजन प्रसाद द्वारा बड़ी रकम को खपाने के लिए रांची के कालीनगर से जमशेदपुर ले जाया जा रहा है। इसकी सूचना रांची पुलिस को दी गई। इसके बाद रुपये के साथ निरंजन प्रसाद पकड़े गए हैं।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours