धनबाद में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के रोड शो के दौरान पीएम मोदी जिंदाबाद के नारे लगे. दरअसल, रोड शो के दौरान जब कांग्रेस कार्यकर्ता 'चौकीदार चोर है' के नारे लगा रहे थे, तो सड़क के किनारे और घरों की छत पर खड़े लोग नरेन्द्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे. लोगों को यहां तक कहते सुना गया कि हमारा 'चौकीदार प्योर है, उनका आना श्‍योर है.' हालांकि, कांग्रेस अध्यक्ष इस ओर ध्यान दिए बिना रोड शो करते आगे बढ़ते चले गए.

कीर्ति आजाद के लिए किया रोड शो

राहुल गांधी ने धनबाद में पार्टी प्रत्याशी कीर्ति झा आजाद के लिए ये रोड शो किया. रोड शो मटकुरिया से बैंक मोड़ तक चला. इस दौरान सैकड़ों पार्टी नेता और कार्यकर्ता उनकी कार के आगे-आगे चलते नजर आए. कीर्ति आजाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार राहुल गांधी के साथ कार में मौजूद रहे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने उन पर फूल भी बरसाए.

बैंक मोड़ में रोड शो खत्म कर राहुल गांधी बरवाअड्डा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए. राहुल गांधी ने इससे पहले चाईबासा में जनसभा की, जहां उन्होंने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि आप अपनी जेब में हाथ डालिए, बटुआ खोलिए पता चलेगा कि आपका पैसा नरेन्द्र मोदी ने निकाल लिया है. उद्योगपतियों को नरेन्द्र मोदी ने आदिवासियों की जल, जंगल और जमीन दे दी है.


राहुल गांधी ने कहा कि लाखों करोड़ रुपये मोदी ने आपके घर से चोरी कर 15 उद्योगपतियों को दिए. पीएम ने संसद में मनरेगा योजना का मजाक उड़ाया. मनरेगा ने आपकी मदद की, लेकिन न्याय योजना गरीबों की जिंदगी बदल देगी. न्याय योजना गरीबी पर सर्जिकल स्ट्राइक है.

चाईबासा में उन्होंने पार्टी प्रत्याशी गीता कोड़ा के पक्ष में प्रचार किया. धनबाद और चाईबासा में 12 मई को मतदान होना है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours