दुमका। भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष होते हुए भी लक्ष्मण गिलुवा चुनाव प्रचार में कहीं दिखाई नहीं दे रहे थे। लेकिन, वह भी अंतिम चरण में संताल में होने वाले चुनाव के लिए प्रचार में कूद पड़े हैं। झामुमो पर हमला बोलते हुए दावा किया है कि संताल की तीनों सीट-दुमका, गोड्डा और राजमहल में भाजपा की जीत होगी। 
गिलुवा खुद सिंहभूम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। इस कारण पार्टी का प्रचार करने के लिए समय नहीं निकाल पा रहे थे। 12 मई को सिंहभूम में चुनाव होने के बाद अब वे संताल में समय दे रहे हैं। बुधवार को देवघर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच साझा किया। इसके बाद दुमका क्षेत्र में प्रचार अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि 19 मई को संताल की तीन लोकसभा सीट पर चुनाव होना है। गोड्डा सीट पहले से भाजपा के पास है। दुमका एवं राजमहल सीट झामुमो से भाजपा की झोली में आ जाएगा। इसके बाद संताल परगना झामुमो मुक्त हो जाएगा। 
पार्टी के चुनाव कार्यालय में पत्रकारों से बात करते गिलुआ ने कहा कि सोरेन परिवार ने हमेशा अफवाह व झूठ की राजनीति किया। 2014 के चुनाव में कहा था कि भाजपा आएगी तो आदिवासियों की जमीन चली जाएगी। परिणाम सामने है, एक इंच जमीन भी किसी की नहीं गई है। उल्टे सोरेन परिवार ने ही जमीन छीन लिया। एक सवाल के जवाब में कहा कि सरकार जांच कर रही है कि किस तरह सोरेन परिवार ने एक्ट का उल्लंघन कर जमीन मामले में गोलमाल किया है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि शिबू सोरेन 40 साल तक केवल जल, जंगल व जमीन बोलते-बोलते राजनीति किए। जबकि आदिवासियों के जमीन की रक्षा झामुमो से अधिक भाजपा ने किया। कहा कि भाजपा विकास की राजनीति करती है। यही कारण है कि जनता भाजपा के साथ है। मौके पर प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण प्रभाकर, जिलाध्यक्ष निवास मंडल, मीडिया प्रभारी अजय कुमार गुप्ता मौजूद थे।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours