रांची। Lok Sabha Election 2019 - लोकसभा चुनावों के बीच झारखंड में एक बार फिर नक्सलियों ने भाजपा का कार्यालय को बम विस्फोट कर उड़ा दिया है। पलामू के बाद अबकी बार खूंटी संसदीय क्षेत्र के खरसावां में नक्सलियों ने बीजेपी के दफ्तर पर हमला बोला है। गुरुवार रात करीब एक बजे नक्सलियाें के एक दस्ते द्वारा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के चुनावी कार्यालय में बम विस्फोट को अंजाम दिया गया। मुंडा खूंटी से भाजपा के उम्मीदवार हैं।
खरसावां के चांदनी चौक स्थित भाजपा कार्यालय को उड़ाने के बाद वहां नक्सली पोस्टर भी छोड़े गए हैं। जिसमें वोट बहिष्कार की धमकी दी गई है। भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा ने बम विस्फोट के बाद कहा कि खरसावां कार्यालय को बम विस्फोट कर क्षतिग्रस्त करना दुस्साहसिक और निंदनीय है। उन्हें जनतंत्र पर पूरा भरोसा है। वे हमेशा से ही जनता की विश्वसनीयता पर खरे उतरे हैं। उन्हें किसी तरह का नुकसान पहुंचाने की मंशा कतई सफल नहीं होगी। लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours