प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देवघर में चुनावी सभा को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 23 मई को क्या नतीजे आएंगे, कांग्रेस यह जान चुकी है. इसलिए अभी से नतीजों की तैयारी शुरू कर दी है. हार का ठीकरा किसके सिर पर फोड़ा जाए, इसकी तैयारी कांग्रेस में चल रही है. नामदार को बचाने के लिए क्या किया जाए, इसके लिए बड़ी-बड़ी बैठकें चल रही हैं.
नवजोत सिद्धू और अहमद पटेल पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पांचवें चरण के बाद नामदार परिवार के दो सबसे करीबी दरबारियों ने अपनी तरफ से बैटिंग शुरू कर दी है, वरना इनकी हिम्मत नहीं है कि कप्तान से पूछे बिना मैच खेलने उतर जाएं. एक नामदार के गुरु हैं, जिन्होंने 1984 के दंगे पर सिखों की भावनाओं का मजाक उड़ाते हुए कहा हुआ तो हुआ. दूसरे बल्लेबाज गुजरात चुनाव के दौरान हिट विकेट होने के बाद से मैदान से बाहर थे. वह अब मैदान में पहुंच गए हैं और जमकर मुझे गालियां दे रहे हैं.
'हमारी सरकार में एक भी घोटाला नहीं'
पीएम मोदी ने कहा कि घोटाले का एक दाग भी हमारी सरकार पर नहीं है और जब ये बात मैं बाबाधाम में कह रहा हूं, तो मुझे गर्व है कि उनके इस भक्त को ईमानदार सरकार का नेतृत्व करने का देश की जनता ने सौभाग्य दिया. कांग्रेस हो या जेएमएम, इनके पास सिवाय झूठ और परपंच के कुछ नहीं है. ये वोट के लिए किसी को भी ठग सकते हैं. मैं आदिवासी भाई-बहनों को फिर बताना चाहता हूं कि जब तक मोदी है, तब तक आपकी जमीन और आपके हक को कोई हाथ नहीं लगा सकता.
पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक तरफ हम झारखंड के विकास के लिए समर्पित हैं, वहीं दूसरी तरफ झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) और कांग्रेस के लोग घुसपैठियों के साथ खड़े हैं. लेकिन, हमारा स्पष्ट मत है कि हम देश में एक-एक घुसपैठिए की पहचान करेंगे. पीएम ने आतंकवाद और नक्सलवाद के मुद्दे पर भी विपक्ष पर वार किया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours