कोडरमा पुलिस ने आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम से पटना लाए जा रहे गांजे की खेप को बरामद किया. पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार भी किया है. दरअसल गौ- तस्करी की गुप्त सूचना पर पुलिस बागीतांड के पास वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान एक कार से 2 क्विंटल 46 किलो गांजा बरामद हुए. कार के ड्राइवर और उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.
गांजे की खेप जा रही थी पटना
पुलिस के मुताबिक बरामद गांजे की कीमत 20 से 25 लाख रुपए हो सकती है. इसे विशाखापट्टनम से कार के जरिये पटना लाया जा रहा था. इस मामले में गिरफ्तार दोनों व्यक्ति मुन्ना राय और संतोष दास बिहार के वैशाली जिला के रहने वाले हैं. इनलोगों ने कार की डिक्की और पिछली सीट में 123 पैकेट गांजा छिपाकर रखे थे.
अंतरराज्यीय गिरोह के हाथ होने की आशंका
कोडरमा एसपी एम तमिल वानन ने बताया कि नारको एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. गिरफ्तार अपराधियों को वारंट पर लेकर पूछताछ की जाएगी, ताकि गांजा तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके. एसपी के मुताबिक इसके पीछे अंतरराज्यीय गिरोह का हाथ हो सकता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours