गुणवत्ता युक्त प्रशिक्षण प्राप्त करने से उद्देश्य होगा सफल
शौकत खान धनबाद ब्यूरो
2021 की जनगणना के लिए प्रगणकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रगणकों की सूचना के माध्यम से सरकार को जनगणना की प्रतिपुष्टि होगी। सभी महत्वपूर्ण योजनाओं का आधार जनगणना है। जनगणना के सही आंकड़ों से सरकार वास्तविक स्थिति से अवगत होती है तथा अपने संसाधनों का बेहतर तरीके से उपयोग कर सकती है। उक्त बातें उपायुक्त श्री अमित कुमार ने जिला परिषद सभागार में जनगणना 2021 से पूर्व प्रगणकों व पर्यवेक्षकों के चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन करने के पश्चात कही।
उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में आगामी जनगणना में होनेवाली तमाम परेशानियों के बारे में जानना है। इसे ससमय पूर्ण करने में सभी कर्मी अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देंगे। जनगणना से तमाम योजनाओं का आधार बनता है। अतः आंकड़ों का शुद्धिकरण होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जनगणना पूरे राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण है। प्री टेस्ट के लिए दुमका, सरायकेला के साथ धनबाद का चयन किया गया है। चार दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों को नई तकनीक के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रगणक एवं पर्यवेक्षक जनगणना की हर पहलु की बारिकियों को समझे। उन्होंने कहा हमें सीमित कार्यक्षेत्र मिला है। आगे आने वाली परेशानियों को निदेशालय के समक्ष रखना है। सभी प्रगणक अपना कार्य आरंभ करने से पूर्व उसकी महत्ता को समझे। मास्टर ट्रेनर से गुणवत्ता युक्त प्रशिक्षण प्राप्त करे। तभी इसका उद्देश्य सफल होगा। जनगणना निदेशालय झारखंड के मास्टर ट्रेनर डॉ प्रदीप कुमार ने बताया कि प्री टेस्ट जनगणना धनबाद के वार्ड संख्या 32 के 33 प्रगणक खंड में किया जाना है। यह कार्य भारत जनगणना निदेशालय के निर्देश पर किया जा रहा है। इसके लिए नगर निगम के कार्यपालक पदाधिकारी के साथ जिले के पदाधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के आधार पर पदाधिकारी आगे की कार्रवाई करेंगे। 6 अगस्त से 9 अगस्त 2019 तक प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। 12 अगस्त से 30 सितंबर 2019 तक फिल्ड वर्क किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में उपायुक्त अमित कुमार, अपर समाहर्ता श्याम नारायण राम, जनगणना निदेशालय झारखंड के मास्टर ट्रेनर डॉ प्रदीप कुमार, पर्यवेक्षक संजय कुमार, जिला योजना पदाधिकारी चन्द्र भूषण तिवारी, कार्यपालक पदाधिकारी अनीश, दिलीप कुमार कर्ण, राज कुमार वर्मा, धनबाद नगर निगम के श्री रबिन्द्र, परशुराम सिंह सहित लगभग 40 प्रशिक्षणार्थी उपस्थित थे।




Post A Comment:
0 comments so far,add yours