झारखंड के गुमला जिले में बानो थाना क्षेत्र के कोनसोदे और कौआजोर गांव के पास जंगल से गुजर रही इंडियन ऑयल के पेट्रोल-डीजल पाइपलाइन में चोरों ने छेद कर लाखों रुपए की डीजल चोरी कर ली है. जानकारी के मुताबिक, उस रास्ते से पेट्रोल-डीजल की पाइपलाइन बिछी है. इसी क्रम में बीते शनिवार को कुछ अज्ञात लोगों ने पाइपलाइन में छेद कर चोरी की घटना को अंजाम दिया. इसके अलावा लाखों रुपए का डीजल खेतों में भी बह गया.
करीब 200 मीटर रेडियस में भर गया तेल
इस दौरान डीजल बहने से करीब 200 मीटर के रेडियस में स्थित खेतों में तेल भर गया. इससे खेत में लगी फसलों को भी नुकसान हुआ है. वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि वे लोग पशु चराने गए थे, तब उन्होंने डीजल को खेत में बहता देखा. इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत इस घटना की जानकारी बानो थाना को दी.
पाइप के छेद को दुरुस्त करने की कार्रवाई जारी
सूचना मिलने पर पीपीआरईएल कंपनी के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. फिलहाल, पाइप के छेद को दुरुस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. बता दें कि इंडियन ऑयल के जेई अमन आनंद इस क्षेत्र में कार्य देखते हैं. उन्होंने बताया कि यह पाइपलाइन पारादीप से खूंटी तक गई है. पाइपलाइन की मरम्मत की जा रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours