रांची। प्रदेश भाजपा में प्रत्याशियों के चयन को लेकर मंथन की प्रक्रिया तेज हो गई है। अनुमान लगाया जा रहा है भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची आठ या नौ नवंबर तक जारी कर सकती है। इस क्रम में सोमवार को प्रत्याशियों के चयन के लिए विधानसभावार पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी की गई। रायशुमारी में सुझाए गए नामों पर बुधवार को होने वाली प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में चर्चा होगी, जिसे अंतिम रूप दिल्ली में दिया जाएगा। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश की कोर टीम दो चरणों में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना होगी।
प्रदेश चुनाव समिति की पहली बैठक में आए सुझाव पर अमल करते हुए मंगलवार को चार प्रमंडलों की 63 विधानसभा के लिए भाजपा में रायशुमारी की प्रक्रिया पूरी की गई। राजधानी रांची में अलग-अलग स्थानों पर चार प्रमंडलों (पलामू, कोल्हान और उत्तरी व दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल) के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों के लिए पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रत्याशियों के चयन के लिए बकायदा अपना मत डालकर तीन-तीन नाम सुझाए। संंताल परगना के लिए रायशुमारी की प्रक्रिया बुधवार को पूरी की जाएगी। रायशुमारी में आए नामों पर बुधवार को प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में चर्चा की जाएगी।
प्रदेश चुनाव समिति की कोशिश होगी कि प्रत्येक सीट के लिए अधिकतम तीन नामों का विधानसभावार चयन कर लिया जाए। इस सूची को लेकर प्रदेश की कोर टीम जिसमें प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा, मुख्यमंत्री रघुवर दास, विधानसभा चुनाव प्रभारी ओम प्रकाश माथुर, सह प्रभारी नंद किशोर यादव, संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंंह और चुनाव समिति के अन्य सदस्य दो चरणों में बुधवार शाम और गुरुवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे। भाजपा सांसदों को भी दिल्ली बुलाया गया है।
दिल्ली में केंद्रीय चुनाव समिति बैठक में प्रत्याशियों के चयन पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि पहले व दूसरे चरण के लिए प्रत्याशियों की सूची आठ या नौ नवंबर तक जारी कर दी जाएगी। प्रथम चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 13 नवंबर है। जाहिर है प्रथम चरण के लिए प्रत्याशियों की घोषणा में भाजपा अधिक विलंब नहीं करेगी।
दिल्ली में ही सुलझेगा एनडीए गठबंधन का पेच
भाजपा और आजसू को लेकर उलझी सीटों की गुत्थी का पेच भी दिल्ली में ही सुलझने की बात कही जा रही है। भाजपा और आजसू का गठबंधन राष्ट्रीय स्तर पर हुआ था, इस बार भी सीटों के तालमेल पर वहीं चर्चा होगी। आजसू के साथ सहमति के बाद ही भाजपा प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। हालांकि, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की ओर से अब तक आजसू को बुलावा नहीं भेजा गया है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours