रांची. गठबंधन को लेकर आजसू के अल्टीमेटम पर प्रदेश बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक बुलाई गई है. सीएम रघुवर दास की अध्यक्षता में यह बैठक होने वाली है, जिसमें आजसू को लेकर ठोस फैसला लिया जा सकता है. केन्द्रीय नेतृत्व के निर्देश पर ये बैठक पार्टी दफ्तर में बुलाई गई है. इस बीच सूचना है कि बीजेपी ने आजसू को 11 सीटों का ऑफर किया है. जबकि आजसू ने 17 सीटों की मांग रखी है.

इससे पहले आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने प्रेसवार्ता कर बीजेपी को गठबंधन पर स्थिति साफ करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि गठबंधन पर बातचीत जारी थी कि इस बीच बीजेपी ने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी. पहले बीजेपी ने लिस्ट निकाली, जिसके बाद हमने भी जारी की. आजसू ने उन जगहों पर उम्मीदवार उतारे हैं, जहां से पार्टी चुनाव लड़ना चाहती है. सुदेश महतो ने कहा कि मैंने 17 सीटों की सूची बीजेपी नेतृत्व को सौंपी है. इस पर जबाव के लिए बीजेपी के पास अब मात्र 24 घंटे का वक्त है.

बीजेपी विधायक राधाकृष्ण किशोर के आजसू में शामिल होने पर सुदेश महतो ने कहा कि आजसू के भी कई नेता बीजेपी में शामिल हुए हैं. ये कोई पहला मौका नहीं है. बतौर सुदेश आजसू ने पिछले पांच सालों में कई मौकों पर प्रतिपक्ष की भूमिका निभाई. जबकि गठबंधन में सहयोगी की भावना का ख्याल होना चाहिए. सुदेश महतो ने कहा कि बीजेपी अगर अकेले आगे बढ़ने की घोषणा करती है, तो मैं भी कर दूंगा. लोहरदगा में नॉमिनेशन को लेकर बीजेपी को सूचना दे दी थी. जबकि बीजेपी दूसरे दल से नेता को लाकर यहां पर प्रत्याशी बनाना चाहती है.

बता दें कि सीट शेयरिंग पर पेंच फंसने के बाद आजसू ने 12 सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान कर दिया. इनमें से चार सीटों पर बीजेपी पहले ही प्रत्याशी उतार चुकी है. ऐसे में अब सिमरिया, सिंदरी, मांडू और चक्रधरपुर सीट पर बीजेपी और आजसू के उम्मीदवार चुनाव में आमने-सामने होंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours