रांची। एनडीए (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) में फूट पड़ गई है। आजसू जहां अपनी मांग पर अड़ी हुई है, वहीं भाजपा उसे ज्यादा तवज्जो देने के मूड में नहीं दिख रही है। इसी कशमकश में मंगलवार को दिनभर गजब का राजनीतिक नाटक चलता रहा। दिल्ली से रांची तक भाजपा के बड़े नेता आजसू नेतृत्व की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए हैं, वहीं आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो भाजपा से संदेश का इंतजार कर रहे हैं। वैसे, बात अब काफी आगे बढ़ चुकी है और भाजपा-आजसू में तलाक होना लगभग तय है। बस, दोनों ही इसका ठीकरा अपने ऊपर नहीं फोडऩे देना चाहते हैं, इसलिए घोषणा से कतरा रहे हैं। इस बीच भाजपा की सहयोगी लोजपा ने भी झारखंड मेंं उसका दामन छोड़ दिया है।

उम्मीद थी कि मंगलवार को एनडीए गठबंधन को लेकर दोपहर तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो जाएगी। आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की प्रेस वार्ता के बाद गेंद फिर भाजपा के पाले में चली गई। इस बीच, भाजपा के मुख्य सचेतक राधाकृष्ण किशोर डंके की चोट पर आजसू में शामिल हो गए। वहीं, अन्य दलों के तमाम नेता गुपचुप आजसू से संपर्क साध रहे हैं। भाजपा के पूर्व अध्यक्ष ताला मरांडी का झामुमो में जाना तय माना जा रहा है। इधर, बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो ने मंगलवार को 39 और प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुनाव को रोचक बना दिया है।

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours