रांची।  राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के लिए आज बड़ा दिन है। शुक्रवार को झारखंड हाई कोर्ट में उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई होगी। इसके बाद यह तय होगा कि पूर्व रेल मंत्री जेल में रहेंगे या पटना जाकर अपना घर-परिवार संभालेंगे। इससे पहले उन्‍हें उच्‍च न्‍यायालय से देवघर कोषागार मामले में बेल मिल चुकी है। लालू प्रसाद के अधिवक्ता देवर्षि मंडल की ओर से अदालत से विशेष आग्रह करने पर कोर्ट लालू की जमानत याचिका पर जल्द सुनवाई के लिए तैयार हुआ है। लालू ने चारा घोटाले के दुमका मामले में जमानत याचिका दाखिल की है। 

चारा घोटाला में सजायाफ्ता हैं लालू प्रसाद
चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता लालू प्रसाद की जमानत याचिका पर शुक्रवार को सुनवाई होगी। जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की अदालत में लालू प्रसाद की जमानत याचिका सुनवाई के लिए सूचीबद्ध है। पूर्व में अदालत ने लालू प्रसाद के अधिवक्ता देवर्षि मंडल के आग्रह पर जमानत याचिका पर सुनवाई के लिए आठ नवंबर की तिथि निर्धारित की है। बता दें कि लालू प्रसाद को सीबीआइ की विशेष अदालत ने दुमका कोषागार (आरसी-38ए/96) से अवैध निकासी के मामले में सजा सुनाई है। उनकी ओर से सीबीआइ द्वारा दी गई सजा को हाई कोर्ट में चुनौती दी गई है। याचिका में सजा को निलंबित करते हुए जमानत की गुहार लगाई गई है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours