रांची। भाजपा और आजसू पार्टी में चरम पर पहुंच चुकी तल्खी के बाद भी उम्मीदों की एक छोटी सी लौ अभी भी बरकरार है। यही वजह है कि दोनों ही दल अंतिम समय तक एक दूसरे को लेकर संयमित रवैया अख्तियार किए हुए हैं। मंगलवार को आजसू प्रमुख सुदेश महतो मीडिया से मुखातिब तो हुए लेकिन गठबंधन को लेकर सधा जवाब दिया। सुदेश ने गेंद भाजपा के पाले में डाल रखी है। भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के स्तर से झारखंड को लेकर मंथन का दौर जारी है। गठबंधन पर भाजपा के विधानसभा सह प्रभारी नंद किशोर यादव ने कहा कि निर्णय केंद्रीय नेतृत्व को लेना है।
आजसू प्रमुख सुदेश महतो के आवास पर मंगलवार को दिन भर चले घटनाक्रम पर निगाह डालने पर भी सुलह की झलक मिल जाती है। सुदेश ने पार्टी में सिर्फ राधाकृष्ण किशोर को शामिल किया। साबी देवी, प्रदीप कुमार बलमुचू, अकील अख्तर से मुलाकात तो की लेकिन न तो पार्टी में उन्हें शामिल किया और न ही किसी तरह का कमिटमेंट किया। स्पष्ट है कि सुदेश भाजपा से और अधिक अदावत के मूड में नहीं है।
बता दें कि आजसू ने सोमवार को 12 सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा की थी। जिसमें भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा की चक्रधरपुर सीट भी शामिल हैं। सिंदरी, सिमरिया और मांडू जैसी उन सीटों से आजसू ने प्रत्याशी उतारे हैं, जहां से भाजपा अपने उम्मीदवार पहले ही दे चुकी थी। मंगलवार को इसमें छतरपुर से राधाकृष्ण किशोर का नाम और जुड़ गया।
सुदेश आज हुसैनाबाद और छतरपुर के नामांकन में होंगे शामिल
आजसू प्रमुख सुदेश महतो बुधवार को हुसैनाबाद और छतरपुर में अपने प्रत्याशियों के नामांकन में शामिल होंगे। इन दोनों सीटों से आजसू में शामिल हुए कुशवाहा शिवपूजन मेहता और राधाकृष्ण किशोर अपना नामांकन दाखिल करेंगे।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours