झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में सड़क दुर्घनाओं की रफ्तार को देखते हुए राज्य सरकार ने 108 नंबर की 15 हाइवे मोबाइल एंबुलेंस देने की घोषणा की है. ये एंबुलेंस जिले को तीन-चार किश्तों में मिलेंगी. इस माह जिले को 4 एंबुलेंस और अगले माह जिले को 5 एंबुलेंस मिलेंगी. ये सभी एंबुलेंस उन सड़क मार्गों पर तैनात रहेंगे, जहां सडक दुर्घटना की सबसे ज्यादा संभावना बनी रहती है.
चाईबासा सदर अस्पताल के सिविल सर्जन ने हिमांशु भूषण बरवार ने बताया कि 108 नंबर वाली मोबाइल एंबुलेंस में मेडिकल से जुड़ी तकनीकी कर्मी मौजूद रहेंगे. जो सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचेंगे. घायलों को प्राथमिक उपचार करने के बाद जरूरत के अनुसार उसे नजदीक के अस्पताल या सीधे सदर अस्पताल भेजेंगे.
सिविल सर्जन ने बताया कि कई मौके पर देखा गया है कि सड़क दुर्घटना होने के बाद अधिक खून बहने या तत्काल सहायता नहीं मिलने के कारण घायलों की मौत हो जाती है, लेकिन 108 नंबर वाली हाईवे एंबुलेंस होने पर घटना स्थल पर जाकर तत्काल सहायता और इलाज दोनों मिल सकेगी. किसी घायल की इलाज के अभाव में मौत होने से रोका जा सकेगा.
सिविल सर्जन ने बताया कि 108 नंबर टेलीफोनिक नंबर है. जिस पर कॉल करने से सीधे रांची स्थित कंट्रोल को सूचना मिलेगी. वहां से संबंधित क्षेत्र में तैनात हाईवे मोबाइल एंबुलेंस को सूचना दी जाएगी. उस क्षेत्र में तैनात एंबुलेंस फौरन घटनास्थल के लिए रवाना हो जाएगा और अपना काम शुरू कर देगा.
पश्चिमी सिंहभूम जिले में सडक दुर्घटना में काफी इजाफा हुआ है, जिसमें बडी संख्या में लोगों की मौत हुई है. सरकार सडक दुर्घटना रोकने के साथ-साथ अब सडक दुर्घटना होने पर तत्काल राहत और सहायता के लिए भी प्रयास कर रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours