मुंबई I बॉलीवुड की पहली महिला सुपरस्टार श्रीदेवी का पार्थिव शरीर आखिरकार मंगलवार रात करीब 9.30 बजे मुंबई एयरपोर्ट लाया गया. जिसके बाद शव को श्रीदेवी के लोखंडवाला स्थि‍त घर ग्रीन एकर्स ले जाया गया. यहां श्रीदेवी के परिवार के लोग मौजूद रहे.
बीते शनिवार को दुबई में मौत के बाद उनके शव का भारत में इंतजार किया जा रहा था. आखिरकार लंबी कानून प्रक्रिया के बाद मंगलवार को श्रीदेवा का शव परिवार को सौंपा गया. जिसके बाद चार्टर्ड प्लेन से शव मुंबई लाया गया.

एयरपोर्ट से शव सीधे श्रीदेवी के घर ले जाया गया. जहां उनका पूरा परिवार मौजूद था. शव पहुंचते ही देर रात बॉलीवुड सितारों के आने का भी सिलसिला शुरू हो गया था. इस दौरान सलमान खान, राजकुमार संतोषी, सतीश कौशिक, पूनम ढिल्लोन और राजपाल यादव समेत कई स्टार्स श्रीदेवी के दर्शन करने उनके घर पहुंचे. अर्जुन कपूर देर रात श्रीदेवी के घर से निकले.
जिस चार्टर्ड प्लेन से श्रीदेवी का शव दुबई से मुंबई लाया गया, उसमें श्रीदेवी के पति बोनी कपूर, संजय कपूर और अर्जुन कपूर समेत 11 लोग मौजूद थे.

दर्शन के बाद होगा अंतिम संस्कार
आज सुबह श्रीदेवी के पार्थ‍िव शरीर को सेलिब्रेशन क्लब ले जाया जाएगा. यहां सुबह 9.30 से 12.30 बजे तक लोग अंतिम दर्शन करेंगे. ये क्लब उनके घर के पास स्थ‍ित है. इसके बाद 3.30 से 5.30 बजे के बीच में विले पार्ले के पवन हंस श्मशान गृह में अंतिम संस्कार किया जाएगा.

दिव्यांग का प्रेम
श्रीदेवी के शव का इंतजार उनके परिवार समेत पूरे देश कर रहा था. लेकिन एक शख्स ऐसे भी हैं, जिन्हें बेसब्री से अपनी मददगार श्रीदेवी का इतंजार था. यूपी के रहने वाले जतिन वाल्मीकि नाम के शख्स की आंखों की रोशनी तो नहीं है, लेकिन वो श्रीदेवी के इंतजार में दो दिन से उनके घर के बाहर मौजूद हैं.

उन्होंने बताया, 'श्रीदेवी जी मेरे भाई के ब्रेन ट्यूमर के ऑपरेशन में मदद की थी. उस समय उन्होंने 1 लाख की मदद की और अस्पताल से 1 लाख माफ कराए. उनकी वजह से मेरा भाई आज जिंदा है. मैं कुछ नहीं कर सकता उनके लिए, लेकिन मैं कम से कम उनकी अंतिम यात्रा में तो शामिल हो ही सकता हूं.'
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours