झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री सह गुमला के प्रभारी मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने जिला योजना समिति की बैठक पहली बार जिला मुख्यालय में न कर घाघरा प्रखंड परिसर में किया. इस बैठक में मंत्री ने जल संसाधन विभाग के कार्यपालक अभियंता को निलम्बित करने के साथ ही कई विभाग के पदाधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा. वहीं जनप्रतिनिधियों ने मंत्री के प्रखंड में बैठक करने की पहल की सराहना की.
मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने कहा कि देहाती क्षेत्र घाघरा में बैठक इसलिए रखी गई ताकि वहां जनता में जागृति आए. वहां की जनता के काम हों. उन्होंने कहा कि इस बैठक में कई सारे सरकारी कार्यक्रमों की समीक्षा की गई.
समीक्षा के दौरान जब पता चला कि जलपथ प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता चिट्ठी पाने के बाद भी इस बैठक में नहीं आए तब उन्हें निलम्बित कर दिया गया. स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि वह काम की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं कर सकते हैं. उन्होंने कहा कि रघुवर दास की सरकार काम करना चाहती है और काम करने में ही विश्वास करती है.
मंत्री ने कहा कि समीक्षा के दौरान पाया गया कि मत्स्य विभाग के काम में लापरवाही बरती जा रही है. इसलिए विभाग से स्पष्टीकरण मांगा गया है. अगर विभाग से स्प्ष्टीकरण नहीं मिला तो संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि जहां पानी उपलब्ध नहीं है वहां पानी की व्यवस्था करने की बात नए कार्यपालक अभियंता से कही गई है.
गुमला जिला परिषद के सदस्य सुबोध कुमार ने बैठक को सफल बताया और सभी सरकारी काम समय पर होने की उम्मीद जाहिर की. इस बैठक में जिला के उपायुक्त श्रवण साय उप विकास आयुक्त नागेंद्र सिन्हा सहित जिला के तमाम पदाधिकारी के साथ जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा और कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours