रिम्स में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल खत्म हो गई है. स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव के साथ वार्ता के बाद हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया गया. वार्ता के दौरान राजधानी के सिटी एसपी भी मौजूद थे.
वार्ता में जूनियर डॉक्टरों को सुरक्षा समेत तमाम मांगों को पूरा करने का भरोसा दिलाया गया, जिसके बाद जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की. जूनियर डॉक्टर मंगलवार सुबह से हड़ताल पर चले गये थे. सोमवार शाम परिजनों के साथ हुई मारपीट के बाद सुरक्षा समेत पांच मांगों लेकर जूनियर डॉक्टरों ने कार्य बहिष्कार किया था.
हड़ताल से इमरजेंसी सेवा को अलग रखा गया था. लेकिन आउटडोर और इनडोर में हड़ताल का व्यापक असर दिखा. इलाज नहीं मिलने के चलते मरीज और परिजन परेशान होते दिखे. कई ने तो रिम्स से घर वापस लौटना ही मुनासिब समझा.
मरीजों की परेशानी के बीच मंगलवार देर शाम रिम्स प्रबंधन ने जूनियर डॉक्टरों से वार्ता कर हड़ताल खत्म कराने की कोशिश की. लेकिन जूनियर डॉक्टर अपनी मांगों पर अड़ रहे और वार्ता विफल हो गयी. जूनियर डॉक्टरों की मुख्य मांग सुरक्षा को लेकर है. उनका कहना है कि आए दिन रिम्स में उनसे मारपीट और दुर्व्यवहार होते हैं. ऐसे में उनके लिए काम करना मुश्किल है.
सोमवार शाम बोकारो के एक मरीज के परिजनों से एक जूनियर डॉक्टर की मारपीट हुई थी. इसको लेकर जूनियर डॉक्टरों ने निदेशक से शिकायत भी की थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours