भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शुक्रवार को मेघालय में दो चुनावी रैलियों को संबोधित करेंगे. प्रदेश भाजपा प्रमुख एस. लिंगदोह ने आज यह कहा. शाह एक रैली को जोवई में और दूसरी रैली को मल्की मैदान में संबोधित करेंगे. लिंगदोह ने बताया कि स्थानीय संगीतकार लोउ मजाव रैली से पहले अपनी संगीत पेश करेंगे.

मेघालय में 27 फरवरी को विधानसभा चुनाव है. पर मेघालय में बीजेपी के लिए राह आसान नहीं है. मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा लगातार 4 बार से विधायक हैं. हालांकि वो इस बार दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं.

मेघालय में ईसाई जनसंख्या की अधिकता के मद्देनज़र कांग्रेस ने ईसाई नेताओं को चुनाव प्रचार के लिए चुना है. इनमें दो बार केरल के मुख्यमंत्री रह चुके कांग्रेस के ओमान चांडी, वरिष्ठ विधायक के.सी जोसफ, लोकसभा सदस्य एंटो एंटनी और विधायक डॉमिनीक प्रेजेंटेशन शामिल हैं. चांडी कांग्रेस पार्टी के उच्च कमान के निर्देश के बाद सोमवार से मेघालय के लिए अभियान शुरू करेंगे.

60 सदस्यीय मेघालय विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 29 विधायक हैं. पर्यटन राज्य मंत्री के.जे अल्फोंस राज्य में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रचार अभियान की अगुवाई कर रहे हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours