चारा घोटाला मामले में बिहार के पूर्व मुख्य मंत्री एवं आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सोमवार को रांची के सीबीआई की विशेष अदालत में पेश होंगे. चारा घोटाले मामले में दो केसों की सुनवाई सोमवार को होनी है. सीबीआई की विशेष अदालत में लालू समेत अन्य आरोपी भी कोर्ट में हाजिर होंगे. सोमवार को अदालत में डोरंडा कोषागार से जुड़े मामले में जहां सीबीआई की ओर से गवाही होगी, वहीं दुमका कोषागार मामले में लालू की ओर से कोर्ट में बहस की जाएगी.
गौरतलब है कि सुप्रीमकोर्ट के दिशा निर्देश पर चल रहे स्पीडी ट्राइल के कारण चारा घोटाला के केसों की रेगुलर सुनवाई सीबीआई की विशेष अदालत में हो रही है.
इससे पूर्व गुरूवार को न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में लालू प्रसाद के अलावा जगदीश शर्मा, आर के राणा समेत लगभग तीन दर्जन आरोपी भी उपस्थित हुए थे. डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी मामले में अदालत में उपस्थित लालू प्रसाद यादव ने सीबीआई के गवाह बिहार के पूर्व मुख्य सचिव वाईएस दूबे को क्रॉस एग्जामिन किया था.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours