झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने पूर्वोत्तर राज्यों में बीजेपी की जीत पर कार्यकर्ताओं और वहां की जनता को बधाई दी है. उन्होंने कहा कि ये जीत प्रधानमंत्री की 'सबका साथ,सबका विकास' वाली विचारधारा की जीत है. पूर्वोत्तर की जनता ने बीजेपी के विकास की राजनीति पर मुहर लगाई है.
सीएम ने कहा कि बीजेपी के लिए त्रिपुरा की जीत ऐतिहासिक जीत है. वहां वर्षों से वामपंथ का कब्जा था, जिसे जनता ने नकार दिया. अब देश ही नहीं दुनिया से वामपंथ विचारधारा खत्म हो रही है. पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा, नागालैंड और मेघालय के चुनावी परिणाम में बीजेपी और सहयोगी पार्टियों की जीत दर्ज हुई है.
मुख्यमंत्री रघुवर दास पांच दिवसीय दौरे पर जमशेदपुर में हैं. आज सुबह सीएम अपने एग्रीको आवास से निकलकर सिदगोड़ा स्थित सूर्य मंदिर पहुंचे. यहां उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों में पार्टी की जीत पर खुशी का इजहार किया. सीएम ने कहा कि ये जीत पीएम और पार्टी अध्यक्ष अमित शाह के नेतृत्व में सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की जीत है. जनता ने पीएम के उस बयान पर भी मुहर लगा दी, जिसमें वे बार-बार कहते थे कि देश का एक अंग खराब रहेगा, तो देश विकसित नहीं हो सकता.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours