चारा घोटाला के चौथे मामले में दोषी करार दिये जाने के बाद रांची के रिम्स में दोबारा भर्ती हुए लालू प्रसाद से बेटे तेजस्वी यादव ने मुलाकात की. इस दौरान उनके साथ आरजेडी नेता मनोज झा भी मौजूद थे.
पिता से मुलाकात के बाद रिम्स से बाहर निकले तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा. फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि यह सारा खेल बीजेपी का है. बीजेपी के लिए लालू प्रसाद सबसे बड़ा खतरा हैं.
तेजस्वी ने कहा,' हमारे खिलाफ साजिश हुई है. जितना सताओगे, उतना मजबूत होंगे.' बतौर तेजस्वी बीजेपी को उपचुनाव के नतीजे को समझना चाहिए. समय के साथ जनता सबक सिखाएगी.
तेजस्वी के मुताबिक लालू प्रसाद के बाहर आने के बाद जनता पूरे मामले पर हिसाब करेगी. बता दें कि चारा घोटाला के चौथे मामले में भी आरजेडी सुप्रीमो को दोषी करार दे दिया गया है. जबकि 31 आरोपियों में से जगन्नाथ मिश्र समेत 12 को बरी कर दिया गया. 21 से 23 मार्च तक दोषियों को सजा सुनाएगी.
देवघर और चाईबासा केस में सजा काट रहे लालू प्रसाद की बीते 17 मार्च को जेल में तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया. हालांकि फैसला सुनने के लिए उन्हें कोर्ट लाया गया. कोर्ट से दोबारा उन्हें रिम्स में भर्ती कराया गया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours