मुंबई I अमेरिका की पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने शनिवार को इंडिया टुडे कॉन्क्लेव-2018 के अंतिम सत्र 'दि ग्रेट चर्न- व्हाट हैपेन्स नाउ' में शिरकत की. इस बीच उन्होंने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर जमकर हमला बोला. साथ ही अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तुलना तानाशाहों से की. उन्होंने कहा कि ट्रंप तानाशाहों की तरह हैं. वो दुनिया को खोखला बना रहे हैं और अमेरिका अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रहा है.

इंडिया टुडे ग्रुप के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ अरुण पुरी के एक सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर आप अमेरिका की राजनीति में रुचि रखते हैं, तो नजर बनाए रखिए, क्योंकि अगले कुछ सालों में अमेरिकी राजनीति दिलचस्प होने जा रही है. हिलेरी क्लिंटन ने कहा, ''मैं ज्यादा से ज्यादा डेमोक्रेट्स को जिताने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हूं, ताकि काफी संख्या में डेमोक्रेट्स का प्रतिनिधित्व रहे. इससे संतुलन बनाने में मदद मिलेगी. राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप जिस ओर अमेरिका को ले जा रहे हैं, उससे कई पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति चिंतित हैं.
हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि उनके पति और पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन भी बेहद चिंतित हैं. अमेरिकी लोकतंत्र में यकीन करने वाले भी तंग आ चुके हैं. पूर्व अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा, ''मुझे इस बात का दुख है कि मैं ट्रंप को राष्ट्रपति बनने से नहीं रोक पाई.''

उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप दुनिया को खोखला बना रहे हैं. ट्रंप के शासन में अमेरिका अपनी जिम्मेदारियों से पीछे हट रहा है. हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप तानाशाहों की तरह हैं. डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी की वजह से अप्रवासी विरोधी भावना अब जहर बन चुकी है.

पेरिस समझौते में अमेरिका का शामिल नहीं होना शर्मनाक
हिलेरी क्लिंटन ने पेरिस जलवायु समझौते पर भारत का समर्थन किया. इस समझौते से पीछे हटने के डोनाल्ड ट्रंप के फैसले की भी कड़ी निंदा की. उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि अमेरिका पेरिस जलवायु समझौते में शामिल नहीं है. महिला सशक्तिकरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने हर सपने पूरे करने का अधिकार है. ऐसे में उनकी राह में यौन उत्पीड़न समेत किसी भी तरह की बाधा नहीं आनी चाहिए.

राष्ट्रपति चुनाव में मेरी हार के पीछे रूसी राष्ट्रपति का हाथ
इस दौरान हिलेरी क्लिंटन ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा, ''मैं अब तक जितने नेताओं से मिली हूं, उनकी तुलना में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन उतने महिलावादी नहीं हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति के चुनाव में मेरी हार के पीछे रूस का हाथ है.'' हिलेरी ने साफ तौर पर कहा कि अमेरिका के चुनाव में रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने उनके खिलाफ काम किया था. उन्होंने कहा कि रूसियों ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव को प्रभावित किया था और अब वे मैक्सिको के चुनाव में दखल देने की तैयारी कर रहे हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours