टीम इंडिया निधास टी20 ट्राई सीरीज़ के फाइनल में चार मैचों में तीन जीत के साथ पहुंची है. यानि उसने छह अंक लेकर टॉप किया है. जबकि बांग्लादेश ने चार अंक के साथ फाइनल में जगह बनाई है. भले ही टीम इंडिया खिताब की मजबूत दावेदार मानी जा रही है, लेकिन बांग्लादेश टीम को भी कम नहीं आंका जा सकता है. बांग्लादेश ने मेजबान श्रीलंका के साथ खेले अपने दोनों मुकाबलों को रोमांचक तरीक से जीत हासिल करके फाइनल में जगह बनाई.

बेशक टीम इंडिया ने इस टूर्नामेंट में बांग्लादेश के खिलाफ अपने दोनों मैच जीते हैं, लेकिन बावजूद इसके रोहित एंड कंपनी कोई भी गलती करना नही चाहेगी.टीम इंडिया ने बांग्लादेश को पहले मैच में छह विकेट तो दूसरे मैच में 17 रन से हराया था. हालांकि दूसरे मैच में बांग्लादेश के विकेटकीपर बल्लेबाज़ मुश्फिकुर रहीम ने नाबाद 72 रन की पारी खेलकर हंगामा मचा दिया था. हर कोई जानता है कि दूसरे मैच में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 177 रन का लक्ष्य दिया था.

वैसे बांग्लादेश टीम नियमित कप्तान शाकिब अल हसन की वापसी से मजबूत हुई है. इसकी झलक श्रीलंका के खिलाफ अंतिम लीग में मैच में देखने को मिली थी.

रोहित, शिखर और रैना पर होगी ख़ास जिम्मेदारी


टीम इंडिया की पारी की शुरूआत की जिम्मेदारी एक बार फिर कप्तान रो​हित शर्मा और शिखर धवन पर होगी. जबकि नंबर तीन पर सुरेश रैना मोर्चा संभालेंगे. चौथे नंबर पर एक बार फिर केएल राहुल को मौका मिल सकता है ​जिन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक खेले दो मैच में सिर्फ 18 रन बनाए हैं. राहुल को रिषभ पंत की जगह प्लेइंग इलेवन में चुना गया था. पांचवें और छठे नंबर पर क्रमश: मनीष पांडे और दिनेश कार्तिक अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उनकी जगह पक्की है.

टीम इंडिया की गेंदबाज़ी की अगुवाई शार्दुल ठाकुर और जयदेव उनादकत कर सकते हैं.जबकि विजय शंकर को एक बार फिर खेले का मौका मिलना तय है. अगर स्पिन गेंदबाज़ों की बात करें तो वॉशिंगटन सुंदर ने अब तक ख़ासा प्रभावित किया है. वहीं अपनी स्पिन के दम पर विरोधी बल्लेबाज़ों को नचाने वाले वाले यजुवेंद्र चहल एक बार फिर कप्तान रोहित शर्मा की पहली पसंद हो सकते हैं.

टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), शिखर धवन, सुरेश रैना,केएल राहुल, मनीष पांडे, दिनेश कार्तिक, शार्दुल ठाकुर, वाशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, विजय शंकर, जयदेव उनादकत/ मोहम्मद सिराज

क्या इस बार भी अपराजित रहेगी टीम इंडिया



टीम इंडिया ने टी20 क्रिकेट में अब तक बांग्लादेश के खिलाफ सात मैच खेले हैं जिसमें उसे हर बार जीत मिली है. क्या एक बार फिर टीम इंडिया अपना अजेय रिकॉर्ड बरकरार रख पाएगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours