झारखंड में हाल में हुए राज्यसभा चुनाव का मामला अब हाइकोर्ट पहुंच चुका है. भाजपा प्रत्याशी प्रदीप सोंथालिया ने कांग्रेस के नवनिर्वाचित सांसद धीरज साहू की जीत को कोर्ट में चुनौती दी है. उन्होंने याचिका के माध्यम से सांसद धीरज साहू के चुनाव को रद्द करने की भी मांग की है.

प्रदीप सोंथालिया ने याचिका के जरिये कोर्ट को जानकारी दी है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के सिल्ली विधायक रहे अमित कुमार महतो को चुनाव के दिन यानी 23 मार्च को ही न्यायालय के द्वारा दो वर्ष की सजा सुनायी गयी. जिससे उनकी विधानसभा की सदस्यता स्वत: समाप्त हो गयी. इसलिए अमित कुमार महतो की वोट की गिनती गलत है.

बता दें कि जेएमएम नेता अमित कुमार महतो को सीओ से मारपीट के एक मामले में रांची कोर्ट ने दो साल की सजा सुनायी. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट के आदेश के मुताबिक उनकी विधायकी चली गई. अमित महतो के वोट को रद्द करने की मांग मतगणना के दौरान प्रदेश बीजेपी की ओर से की गई थी. लेकिन निर्वाची अधिकारी ने इस मांग को खारिज कर दिया. जिसके खिलाफ में बीजेपी की ओर से भारत निर्वाचन आयोग का भी दरवाजा खटखटाया गया है.

मालूम हो कि राज्यसभा चुनाव में बीजेपी के दूसरे प्रत्याशी रहे प्रदीप सोंथालिया मात्र प्वाइंट वन से कांग्रेस प्रत्याशी से चुनाव हार गये थे.



Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours