सरायकेला जिला के तीन नगर निकाय क्षेत्र आदित्यपुर नगर निगम, कपाली नगर पर्षद तथा सरायकेला नगर पंचायत के लिए आज शनिवार शाम से चुनाव प्रचार थम जाएगा. इसके बाद प्रत्याशी डोर टू डोर चुनाव प्रचार करेंगे. आगामी 16 अप्रैल को मतदान किया जाएगा. निकाय चुनाव के तहत मतदान को लेकर प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है. जिले के अधिकतर बूथों को संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है.

आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के 35 वार्डों में 108 बूथ बनाए गए हैं जहां 3 बूथ सामान्य श्रेणी, 63 संवेदनशील तथा 42 अतिसंवेदनशील श्रेणी के हैं. वहीं कपाली नगर पर्षद के 21 वार्डों में 21 बूथ बनाए गए हैं और सभी बूथ अतिसंवेदनशील श्रेणी के हैं जबकि सरायकेला नगर पंचायत के 11 वार्डों में 11 बूथ संवेदनशील श्रेणी के हैं. इस बारे में जानकारी देते हुए जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी दिनेश कुमार रंजन ने कहा कि जिले के अधिकतर बूथ संवेदनशील व अतिसंवेदनशील श्रेणी के हैं. इन बूथों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल व पुलिस पदाधिकारी की तैनाती की जाएगी.

इन बूथों में मतदान के एक दिन पूर्व ही फोर्स पहुंचकर मतदान केन्द्रों की सुरक्षा करेंगे. उन्होंने दावा किया चुनाव के शांतिपूर्ण व निष्पक्ष रूप से निष्पादन को लेकर सारी तैयारी पूरी कर ली गई है. मालूम हो कि आदित्यपुर नगर निगम के 35 वार्डों में अध्यक्ष पद के 14 तथा उपाध्यक्ष पद के 9 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के तीन तथा उपाध्यक्ष पद के पांच उम्मीदवार मैदान में हैं जबकि कपाली नगर पर्षद में अध्यक्ष पद के सात तथा उपाध्यक्ष पद के छह उम्मीदवार मैदान में हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours