झारखंड में निकाय चुनाव के प्रचार का आज शनिवार को अंतिम दिन है. शाम पांच बजे से चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा. कोडरमा के झुमरीतिलैया नगर परिषद और डोमचांच नगर पंचायत में हो रहे चुनाव में दिग्गजों की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है. कोडरमा में चुनाव बड़ा दिलचस्प हो गया है. झुमरीतिलैया में अध्यक्ष पद के लिए हो रहे उपचुनाव में कुल 20 प्रत्याशियों में से 12 निर्दलीय प्रत्याशियों ने सभी का समीकरण बिगाड़ कर रख दिया है. नवगठित डोमचांच नगर पंचायत में सभी पदों के लिए हो रहे चुनाव में अध्यक्ष पद के 11 तथा उपाध्यक्ष पद के 8 उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रहे हैं.
कोडरमा में हो रहे निकाय चुनाव में मंत्री और पूर्व मंत्री आमने सामने हैं. यहां का चुनाव दोनों के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गई है. चूंकि सवाल वर्तमान मंत्री और पूर्व मंत्री के साख की है सो जुबानी जंग भी तेज हो गई है. वर्तमान मंत्री 25 साल तक अन्नपूर्णा देवी के परिवार का सीट पर कब्जा रहने पर भी जनता के हाथ खाली रहने की दुहाई दे रही हैं तो पूर्व मंत्री सरकार की विफलताओं को मुद्दा बनाकर मतदाताओं को गोलबंद करने में लगी हैं.
राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी झारखंड सरकार को निकम्मी और भ्रष्टाचारी बताकर इसे उखाड़ फेंकने की जनता से अपील कर रही हैं. कोडरमा के झुमरीतिलैया और डोमचांच में हो रहे चुनाव को लेकर सूबे की शिक्षा मंत्री नीरा यादव और पूर्व मंत्री तथा राजद प्रदेश अध्यक्ष अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत के लिए जमकर पसीना बहा रही हैं और पार्टी प्रत्याशियों के जीत का दावा कर रही हैं.
वहीं कई निर्दलीय भी चुनावी जंग में ताल ठोक रहे हैं और जीत का दावा कर रहे हैं. निर्दलीयों का दावा है कि ये गली मुहल्लों का चुनाव है, इसमें पार्टी का कोई महत्तव नहीं है. यहां आपसी रिश्ते काम आते हैं. निकाय चुनाव में कोडरमा के दोनों सीटों पर पार्टी के लिए लगातार परिश्रम कर रहे सांसद रविन्द्र राय भी राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी की जीत के दावों पर तंज कसने से नहीं चुक रहे हैं. सांसद विपक्ष के दावों को प्रपंचना बताते हैं. उनका कहना है कि यह कार्यकर्ताओं को बहलाने-फुसलाने का दुष्चक्र मात्र है. वह भी बीजेपी की जीत का दावा कर रहे हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours