समान काम के बदले समान वेतन सहित पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे राज्य के पारा शिक्षकों के एक प्रतिनिधि मंडल के साथ सोमवार को मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी की एक मीटिंग हुई. मीटिंग के दौरान कार्मिक सचिव, वित्त सचिव के अलावे शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव भी मौजूद थे. दोनों के बीच हुई वार्ता एक सोहार्दपूर्ण और साकारात्मक माहौल में संपन्न हुई.

पारा शिक्षक संघ के प्रस्ताव पर मुख्य सचिव ने एक कमेटी बनाने का निर्देश दिया है, जो पारा शिक्षकों की मांगों पर विस्तार पूर्वक विचार करेगा. इसके बाद कमेटी एक प्रस्ताव बनाकर राज्य सरकार को सौंपेगी. इस कमेटी में पारा शिक्षकों का भी प्रतिनिधि शामिल रहेगा.

हालांकि पारा शिक्षक संघ से जुड़े नेताओं ने आंदोलन अभी जारी रखने की बात कही. पारा शिक्षक प्रतिनिधि मंडल के सदस्य संजय दूबे ने कहा कि इस पर मंगलवार को निर्णय लिया जाएगा.


इससे पहले रांची में पारा शिक्षकों ने मुख्यमंत्री आवास को घेरने की कोशिश की है, लेकिन पुलिस ने उन्हें मोरहाबादी मैदान के पास ही रोक दिया है. पारा शिक्षकों के प्रदर्शन को देखते हुए सीएम आवास की सुरक्षा बेहद कड़ी कर दी गई है.
गौरतलब है कि समान कार्य का समान वेतन, पीएफ से पारा शिक्षकों को जोड़ने और दूसरे राज्यों के अनुरूप सूबे के पारा शिक्षकों को भी सेवा सुविधा देने समेत कई मांग को लेकर आंदोलनरत हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours