बोकारो पुलिस ने मुंबई में गिरफ्तार हसन शेख उर्फ हसन चिकना को बोकारो लाई. उसके पास से 33 लाख 64 हजार नगद और साढ़े पांच किलो सोना बरामद हुए. बोकारो पुलिस को एसबीआई के 71 लॉकर काटकर करोड़ों के गहने चोरी के मामले में उसकी तलाश थी.

बोकारो पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करोड़ों की चोरी को अंजाम देने वाले गिरोह का मुख्य सरगना हसन चिकना नवी मुंबई में अपनी प्रेमिका के घर छुपा हुआ है. इसके बाद एसपी कार्तिक एस के द्वारा तीन सदस्यीय टीम डीएसपी रंजीत कुमार लकड़ा, इंस्पेक्टर बालीडीह कमल किशोर और पुलिस अधिकारी रंजीत कुमार, बनाई गई. इस टीम ने नौ दिन तक मुंबई में रहकर नेरुल थाने की मदद से हसन चिकना को गिरफ्तार किया.

एसपी कार्तिक एस की माने तो चिकना के सभी 12 साथी पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिए गए थे. उनमें चिकना की पत्नी फिरदौसी और साला भी शामिल हैं. अब पुलिस चिकना से पूछताछ कर चोरी गये अन्य गहनों के बाबत जानकारी हासिल करेगी. पुलिस ने पूर्व मे गिरफ्तार उसके साथियों से भी जेवरात बरामद किए थे.

उधर हसन चिकना को लेकर यूपी पुलिस भी बोकारो पहुंची. यूपी पुलिस के अधिकारी की माने तो बीते 29 अप्रैल को हसन चिकना गिरोह ने यूपी में यूको बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इस मामले में उसके छह साथियों की गिरफ्तारी यूपी पुलिस कर चुकी है. यूपी पुलिस पूछताछ के लिए हसन चिकना को  रिमांड पर लेने की कोशिश में है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours