अफगानिस्तान के बगलान प्रांत में अज्ञात बंदूकधारियों ने बिजली कंपनी में काम करने वाले जिन छह भारतीयों का अपहरण किया है उनमें से चार झारखंड के हैं. बताया जाता है कि अगवा भारतीयों में तीन मजदूर गिरीडीह के बगोदर के और एक हजारीबाग के टाटी झरिया का रहने वाला है. ये सभी चार साल पहले अफगानिस्तान गए थे. खबर मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
अगवा मजदूरों में बगोदर के घाघरा के रहने वाले प्रकाश महतो व प्रसादी महतो, महुरी के हुलास महतो और टाटीझरिया के बेडम के काली महतो शामिल हैं. अगवा प्रसादी महतो के परिवार का कहना है कि गत रविवार से प्रसादी का फोन नहीं लग रहा था. जिसके बाद मंगलवार को जब परिवारवालों ने कंपनी के अधिकारियों से बात की तो वहां से बताया गया कि प्रसादी लापता हैं और उन्हें तलाशने की कोशिश जारी है.
गौरतलब है कि हथियारों से लैस अज्ञात हमलावरों ने रविवार दोपहर केईसी नाम की एक भारतीय कंपनी के सात कर्मचारियों का अपहरण कर लिया. इनमें छह भारतीय और एक अफगान नागरिक शामिल हैं. दरअसल ये सभी कर्मचारी बग़लान प्रांत की राजधानी पुल-ए-खोमरे के पास स्थित गांव बाग-ए-शमाल में इलेक्ट्रिक सब स्टेशन के दौरे पर गए थे, तभी बंदूकधारियों ने उन पर धावा बोल दिया.
स्थानीय अधिकारियों ने इस घटना के पीछे तालिबान पर शक जताया है. हालांकि तालिबान की ओर से इस घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की गई है. वहीं इनकी रिहाई के ऐवज में अभी तक कोई फिरौती भी नहीं मांगी गई है. उधर बग़लान के गवर्नर अब्दुलहई नेमाती ने बताया कि तालिबान ने कर्मचारियों का अपहरण किया और उन्हें पुल ए खोमरे शहर के दांड शाहबुद्दीन इलाके में ले गए. नेमाती के हवाले से बताया गया कि अफगान अधिकारियों ने स्थानीय लोगों के मार्फत तालिबान से बात की और आतंकी संगठन ने कहा कि इसने भारतीयों को सरकारी कर्मचारी समझ कर गलती से उनका अपहरण कर लिया. उन्होंने कहा कि वे लोग अगवा लोगों को कबायली सरदारों और मध्यस्थता के जरिये रिहा कराने की कोशिश कर रहे हैं.
वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने इस बाबत News18 से बातचीत में कहा, 'अफगानिस्तान के बग़लान प्रांत से भारतीय नागरिकों के अपहरण से हम अवगत हैं. हम अफगान अधिकारियों के संपर्क में हैं और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है.'
रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, अफगानिस्तान में फिरौती के लिए लोगों का अपहरण किया जाना आम बात हो गई है. बढ़ती गरीबी और बेरोजगारी ने हालात और बिगाड़ दिए हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours