दिल्ली में झारखंड की लड़की की हत्या के मामले में झारखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने संज्ञान लिया है. इस सिलसिले में आयोग सात सदस्यीय टीम दिल्ली भेजेगा. आयोग ने दिल्ली पुलिस से एक हफ्ते में विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

झारखंड बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष आरती कुजूर ने कहा कि दिल्ली में झारखंड की बच्ची के साथ जो हुआ वो दुखद है. आयोग ने मामले की स्वत: संज्ञान लेते हुये एक सप्ताह के अंदर दिल्ली पुलिस से पूरे मामले पर रिपोर्ट मांगी है. बतौर अध्यक्ष इस घटना की जानकारी राज्य सरकार को दे दी गई है.

आरती कुजूर ने दिल्ली में काम कर रहे झारखंड स्टेट रिसोर्स सेंटर पर सवाल उठाते हुये कहा कि सेंटर को जैसा काम करना चाहिए, वह वैसा नहीं कर रहा है. ऐसे में इसकी भी शिकायत झारखंड सरकार से की जाएगी.

बता दें कि दिल्ली के पश्चिम विहार में एक 16 साल की लड़की की हत्या कर दी गई. झारखंड की रहने वाली लड़की एक साल से पश्चिम बिहार में मनजीत करकेटा के घर चौका-बर्तन और साफ-सफाई का काम कर रही थी, लेकिन उसे पगार नहीं दी जा रही थी. रविवार को उसने अपने मालिक से एक साल की पगार मांगी, इससे उसका मालिक गुस्से में आ गया. उसने चाकू से कई वार कर लड़की के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. लड़की की पहचान सोनी कुमारी के रूप में हुई. वह  रांची के लापुंग की रहने वाली थी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours