सिल्ली और गोमिया विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार को सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो गई. दोनों ही जगहों पर वोटिंग के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई. वोटिंग दोपहर तीन बजे तक होगी.  31 मई को सुबह आठ बजे से मतगणना होगी. आज दोनों ही इलाकों में सरकारी अवकाश घोषित किया गया है. गोमिया में 13 और सिल्ली में 10 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं.

गोमिया में त्रिकोणीय संघर्ष
गोमिया उपचुनाव में त्रिकोणीय तो सिल्ली में आमने-सामने का संघर्ष है. गोमिया के त्रिकोणीय संघर्ष में भाजपा के माधव लाल सिंह, आजसू के लंबोदर महतो और झामुमो की बबीता देवी कायम हैं. इसी प्रकार सिल्ली उपचुनाव में आजसू के सुदेश महतो और झामुमो की सीमा देवी के बीच आमने-सामने का संघर्ष है.

इन पार्टियों से ये हैं उम्मीदवार


गोमिया विधानसभा से आजसू के लंबोदर महतो चुनाव मैदान में खड़े हैं. भाजपा की ओर से माधव लाल सिंह गोमिया में चुनाव लड़ेंगे. सिल्ली में भाजपा आजसू के साथ खड़ी है. जबकि आजसू ने गोमिया से अपना प्रत्याशी दिया है. वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से सिल्ली से पूर्व विधायक अमित कुमार महतो की पत्नी सीमा महतो और गोमिया से पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो की पत्नी बबीता देवी को प्रत्याशी बनाया गया है.

विपक्षी दलों का झामुमो को समर्थन
इधर, गोमिया और सिल्ली विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में सभी प्रमुख विपक्षी दलों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) को समर्थन देने की घोषणा की है. झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन के आवास पर इस मुद्दे पर विपक्षी दलों की बैठक हुई थी. इसके बाद कांग्रेस, झाविमो, राजद, सीपीआई-एम और मासस नेताओं ने समर्थन की घोषणा की.

दोनों जगह क्यों हो रहे उपचुनाव
10 फरवरी को गोमिया के झामुमो विधायक योगेंद्र महतो की सदस्यता विधानसभा अध्यक्ष ने समाप्त की थी. उनके खिलाफ रामगढ़ की एक अदालत ने कोयला चोरी के दोषी ठहराते हुए तीन साल की सजा सुनाई थी. वहीं, झारखंड विधानसभाध्यक्ष प्रो दिनेश उरांव ने 2 अप्रैल को सिल्ली के झामुमो विधायक अमित कुमार महतो की सदस्यता रद्द करने पर मुहर लगा दी थी. इस मामले में अदालत ने अमित महतो को सोनाहातु के पूर्व सीओ आलोक कुमार के साथ मारपीट और गाली-गलौज के आरोप में 23 मार्च को दो-दो साल की सजा सुनाई थी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours