पूर्वी सिंहभूम के गुडाबांधा में करोड़ों रुपये की लागत से बन रहे कस्तुरबा आवासीय विद्यालय के भवन निर्माण कार्य में स्कूल की बच्चियों से मजदूरी करवाई जा रही है. इसके साथ ही निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे मजदूरों को सरकार द्वारा तय न्यूनतम मजदूरी भी नहीं दी जा रही है. निर्माण कार्य भी इतना घटिया है कि भवन निर्माण को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं.

ग्रामीणों की शिकायत पर बहरागोड़ा विधायक कुणाल षाड़ंगी ने निर्माण स्थल पर जाकर जांच कि तो पाया कि कम उम्र की लड़कियों से भी काम करवाया जा रहा है. जिसके बाद विधायक कुणाल षाड़ंगी भड़क गए और उन्होंने इसकी शिकायत जिला उपायुक्त अमित कुमार से करते हुए जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की है.

दो दिन के  गुडाबांधा में प्रवास के दौरान ही ग्रामीणों ने विधायक कुणाल षाड़ंगी से जिला योजना में मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी और कस्तुरबा आवासीय विद्यालय की शिकायत की थी. ग्रामीणों ने शिकायत करते हुए बताया कि जिला योजना से बन रहे प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में 160 रुपए से 180 रुपए दिये जाते हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि विरोध करने पर संवेदक विभिन्न तरीके से आरोप लगाकर जेल भेजने की धमकी देते हैं. ग्रामीणों की शिकायत पर कुणाल षड़ंगी ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है.

गुडाबांधा में विधायक कुणाल षाड़ंगी प्रवास के बाद उन्होंने कहा कि अब वे गुडाबांधा के चार पंचायतों की एक रिपोर्ट बनाकर जिला उपायुक्त को सौंपेंगे, ताकि ग्रामीणों की शिकायत और समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने कहा कि विभिन्न समस्या के साथ जिला योजना में सबसे अधिक शिकायत ग्रामीणों ने बतायी है. प्रखंड स्तर पर भी सरकारी सुविधा का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours