पूर्वी सिंहभूम के नक्सल फोकस एरिया गुडाबांधा में बन रहे करोड़ों की लागत से कस्तूरबा आवासीय विद्यालय भवन निर्माण कार्य में स्कूल के बच्चियों से काम लिया जा रहा है. साथ ही सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी भी मजदूरों को नहीं दी जा रही है. घटिया निर्माण कार्य को लेकर भी सवाल खड़े किए जाने लगे हैं. ग्रामीणों की शिकायत पर बहरागोड़ा विधायक कुणाल षाड़ंगी ने निर्माण स्थल पर जाकर जांच की तो देखा वाकई कम उम्र की लड़कियों से काम कराया जा रहा था. घटिया निर्माण कार्य को देखकर भी विधायक भड़क गए. उन्होंने इसकी शिकायत फोन पर ही जिला के उपायुक्त अमित कुमार से की और कार्रवाई की मांग की.

मालूम हो कि ग्रामीणों ने विधायक कुणाल षाड़ंगी के दो दिन और तीन रात गुडाबांधा में प्रवास के दौरान ही जिला योजना में मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी और कस्तूरबा आवासीय विद्यालय भवन के घटिया निर्माण की शिकायत की थी. ग्रामीणों ने शिकायत की है कि जिला योजना से बन रहे प्रधानमंत्री सड़क निर्माण में 160 रुपया से 180 रुपया तक की मजदूरी ही दी जाती है. विरोध करने पर संवेदक उनपर विभिन्न तरीके से आरोप लगाकर उन्हें जेल भेजने की धमकी भी देते हैं. ग्रामीणों की शिकायत पर कुणाल षाड़ंगी ने जांच कर कार्रवाई की मांग की है.

विधायक कुणाल षाड़ंगी ने कहा कि अब वे गुडाबांधा के चार पंचायतों की एक रिपोर्ट बनाकर जिला के उपायुक्त को सौंपेंगे ताकि ग्रामीणों की शिकायत और समस्याओं का समाधान हो सके. उन्होंने कहा कि विभिन्न समस्याओं के साथ जिला योजना में सबसे अधिक शिकायत ग्रामीणों ने की है. प्रखंड स्तर पर भी सरकारी सुविधाओं का लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पा रहा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours