झारखंड के गोमिया और सिल्ली में विधानसभा का उपचुनाव हो रहा है. सत्तारूढ़ दल भाजपा पशोपेश में है. सिल्ली में उसके सहयोगी दल आजसू के सुप्रीमो चुनाव लड़ रहे हैं. गोमिया में आजसू भी भाजपा के खिलाफ चुनाव मैदान में है. गोमिया में भाजपा की ओर से धुआंधार चुनाव प्रचार हो रहा है लेकिन सिल्ली में भाजपा का स्टैंड अभी भी क्लियर नहीं है कि उनके लोग आजसू के लिए मेहनत कर रहे हैं कि नहीं.

इधर मंत्री सी पी सिंह ने सिल्ली और गोमिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में जीत का दावा किया है. सिल्ली में सहयोगी दल आजसू की जीत का दावा करते हुए सी पी सिंह ने कहा कि गोमिया में भाजपा प्रत्याशी माधवलाल सिंह की जीत तय है. उन्होने विपक्षी एकजुटता को घोटालेबाजों का गठबंधन बताते हुए कहा कि इनकी इस चुनाव में भी नहीं चलेगी.

झारखंड भाजपा महामंत्री दीपक प्रकाश ने भी कहा है कि गोमिया की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के एक-एक कार्यकर्ता कड़ी मेहनत कर रहे हैं और वहां की जनता के जनसमर्थन से गोमिया सीट को जीतेंगे. वहीं सिल्ली सीट पर कहा कि वहां भी हमारे कार्यकर्ता लगे हुए हैं, आजसू के सुप्रीमो वहां जीत दर्ज करेंगे. गठबंधन के सवाल पर कहा कि हमारे बीच बहुत नेचुरल गठबंधन है.

मालूम हो कि 28 मई को चुनाव की तिथि निर्धारित की गई है जबकि मतगणना 31 मई को की जाएगी. मतदान के लिए दोनों सीटों पर EVM के साथ VVPAT का इस्तेमाल होगा. VVPAT के जरिए वोटर वोट देने के सात सेकेंड तक ये देख सकेंगे कि उनका वोट किसे पड़ा है. चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने रांची और बोकारो के DC को जरूरी दिशा-निर्देश जारी किया है. बता दें कि सिल्ली के विधायक अमित महतो और गोमिया के विधायक योगेंद्र प्रसाद को सजा मिलने के चलते दोनों सीटों पर उपचुनाव हो रहा है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours