जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में जेल से छूटे वर्कर्स कॉलेज के छात्र को अपराधियों ने गोली मार दी. छात्र को चार गोलियां मारी गईं. स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में छात्र को टीएमएच अस्पताल में भर्ती कराया है.
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी प्रभात कुमार और मानगो थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे. मामले की छानबीन की. पिछले तीन दिन के भीतर मानगो थाना क्षेत्र में दो गैंगवार हुए हैं. पुलिस को गुडू पांडेय गिरोह पर संदेह है. पुलिस के मुताबिक वर्चस्व की लड़ाई में घटना को अंजाम दिया गया है.
बताया गया कि राहुल घर में था. उसे किसी का फोन आया और वह शिव मंदिर की ओर गया. तभी दो बाइक में सवार चार अपराधी आए और राहुल से हाथापाई करने लगे. राहुल बचने के लिए मंदिर के पीछे भागा. अपराधियों ने उसका पीछा कर उसे चार गोली मार दी. फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोग वहां पहुंचे, तो सभी अपराधी मौके से फरार हो गए.
घायल राहुल के भाई का कहना है कि प्रदीप सिंह और रंजीत नामक युवक ने उससे रंगदारी मांगी थी और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी थी. टीएमएच अस्पताल में राहुल का इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours