धनबाद के मैथन में आयोजित जेएमएम का तीन दिवसीय 11 वां महाधिवेशन समाप्त हो गया. महाधिवेशन के अंतिम शिबू सोरेन पार्टी के 9वीं बार अध्यक्ष चुने गए, जबकि दूसरी बार हेमंत सोरेन कार्यकारी अध्यक्ष बने. दोनों के नामों पर सर्वसम्मति से मुहर लगी. इस दौरान पार्टी की नई केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्यों की भी घोषणा हुई.
दूसरी बार पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष बनने के बाद हेमन्त सोरेन ने रघुवर सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि इस राज्य को भाजपा ने एटीएम बना लिया, पैसा निकालो, दूसरे राज्य के चुनाव में लगाओ. यूपी हो या कर्नाटक सभी चुनावों के लिए पैसे का प्रबंध भाजपा झारखण्ड से कर रही है. झारखण्ड को केंद्र ने एटीएम बना दिया है.
हेमंत सोरेन ने कहा कि गुरुजी के नेतृत्व में एक बार फिर झारखंड से भाजपा जैसे लुटेरे गिरोह को खदेड़ना है. प्रवासी मुख्यमंत्री दिल्ली के लठैत के रूप में काम कर रहे हैं. भाजपा और उसके सहयोगी दल झारखंड के मूलवासी व आदिवासी के पीठ में खंजर भोंकने का काम किया है.
जेएमएम कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि मुझे एक बार फिर बड़ी जिम्मेवारी मिली है उसके लिए मैं भावुक हूं. बेरोजगारों की लंबी कतार देश और राज्य के लिए खतरनाक है. न्यायालय की स्थिति बद से बदतर है. सूबे में जमीन भी जा रही है, नौकरी भी नही मिल रही है इसलिए युवा आत्महत्या कर रहे हैं.
भाजपा के परिवारवाद के आरोप पर पूर्व मंत्री जयप्रकाश भाई पटेल ने कहा कि जब मिस्त्री का बेटा मिस्त्री हो सकता है, तो राजनीति में नेता के बेटा नेता क्यों नहीं बन सकता. उन्होंने जेएमएम को पिता-पुत्र की पार्टी कहने को गलत बताया.
पूर्व मंत्री मथुरा प्रसाद ने कहा कि 2019 की जंग के लिए पार्टी कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों के साथ गठबंधन करेगी. 81 विधानसभा सीट में से वर्तमान सीट व पूर्व की नजदीकी सीट पर झामुमो का दावा होगा.
तीन दिवसीय जेएमएम महाधिवेशन में झारखंड के अलावा बिहार और ओडिशा के भी प्रतिनिधि शामिल हुए थे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours