झारखंड के खूंटी में अगवा हुए तीनों जवानों को पुलिस ने रिहा करा लिया है. तीनों को सैको थाना इलाके से बरामद किया गया. फिलहाल तीनों जवानों को सैको थाने में रखा गया है. उनसे घटना के बारे में जानकारी ली जा रही है. जवानों की मेडिकल जांच कराई जाएगी. उसके बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया केे सामने लाया जाएगा.
बता दें कि बीते मंगलवार को खूंटी के अनिगड़ा गांव स्थित बीजेपी सांसद करिया मुंडा के घर से तीनों जवानों को पत्थलगड़ी समर्थकों ने अगवा कर लिया था. तीनों जवान सांसद के घर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे. करीब दौ सौ पत्थलगड़ी समर्थक वहां पहुंचे और जवानों को अगवा कर घाघरा गांव लेकर चले गये थे.
प्रशासन को जब इसकी सूचना मिली तो खूंटी से लेकर रांची तक हंगामा मच गया. खूंटी डीसी-एसपी के नेतृत्व में पुलिस की टीम मंगलवार शाम घाघरा गांव पहुंची और जवानों की रिहाई की कोशिश करने लगी. लेकिन पत्थलगड़ी समर्थक रिहा करने के मूड में नहीं थे. दूसरे दिन बुधवार को अतिरिक्त पुलिस बल के साथ रैफ के जवानों को उतारा गया और बल का इस्तेमाल करते हुए घाघरा गांव में प्रवेश किया गया. इस दौरान झड़प में एक शख्स की मौत भी हो गई. घाघरा गांव के एक-एक घर को तलाशा गया, लेकिन जवान नहीं मिले. बुधवार से लेकर गुरूवार तक में पत्थलगड़ी समर्थकों के घाघरा, उदबुरू गांव समेत 10 गावों को खंगाला गया. जानकारी के मुताबिक पुलिस को गुरुवार देर रात सफलता मिली. तीनों अगवा जवानों को सैको थाना इलाके से रिहा करा लिया गया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours