रांची-चाईबासा एनएच 75 मार्ग में टेबो घाटी में शनिवार सुबह 8 बजे एक यात्री बस के पलट से जाने से 27 लोग घायल हो गए. इनमें 13 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. इनमें से 6 गंभीर रूप से हुए घायलों को जमशेदपुर टीएमच ले जाया गया है जबकि बाकी घायलों का इलाज चाईबासा के सदर अस्पताल और चक्रधरपुर के रेफरल अस्पताल में किया जा रहा है.

मिली जानकारी के अनुसार खूंटी जिले के मुरहू से शादी संपन्न करा कर बारात पश्चिम सिंहभूम जिला के सोनुवा लौट रही थी. बस में करीब 40 से अधिक यात्री सवार थे. टेबो घाटी में तेज रफ्तार से जा रही बस अचानक अंसतुलित होकर पलट गई. शुक्र यह रहा कि बस सड़क पर पलटी. सड़क के दूसरी तरफ गहरी घाटी में यदि बस पलटती को हादसा बड़ा हो सकता था.

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने तुरंत ही एंबुलेंस के साथ और भी कई वाहनों को घटनास्थल के लिए रवाना किया जो घायलों को चक्रधरपुर लेकर पहुंची. इस दुर्घटना के संदर्भ में चक्रधरपुर एसडीओ प्रदीप प्रसाद ने कहा कि सुबह 8 बजे के करीब टेबो घाटी में बस पलटने की सूचना मिली. तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई और एंबुलेंस के साथ मेडिकल टीम को घटनास्थल पर भेजा गया.

एसडीओ ने कहा कि इस दुर्घटना में 27 लोग घायल हुए हैं जिनमें 6 लोग गंभीर रूप से घायल  हैं. उन्हें टीएमएच जमशेदपुर भेजा गया है. उन्होंने कहा कि पांच घायलों को चाईबासा सदर अस्पताल भेजा गया है जबकि बाकी घायलों का प्राथमिक उपचार कर उन्हें छुट्टी दे दी गई है.


एसडीओ ने कहा कि घटनास्थल पर पहुंचे थाना प्रभारी और मेडिकल टीम ने बस के नीचे फंसे हुए लोगों को जैक लगाकर बाहर निकाला. उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर सभी घायल पाए गए और उम्मीद जाहिर करते हुए कहा कि जिन्हें इलाज के लिए जमशेदपुर ले जाया गया है वे भी सुरक्षित रहेंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours