झारखंड के किसान आर्गेनिक खेती को बढ़ावा दें. आर्गेनिक सब्जियों की मांग यूरोप में है. यहां की सब्जियां यूरोप भेजी जाएंगी. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रखंड कृषि महोत्सव सह कृषि चौपाल का उद्घाटन करते ये बातें कहीं. कृषि महोत्सव सह चौपाल रांची के कांके के गागी गांव में आयोजित की गई थी. इसमें मुख्यमंत्री किसानों से सीधे रु-ब-रु हुए और उनकी समस्याओं को सुना. इस मौके पर सीएम ने किसानों के बीच कृषि यंत्र और परिसम्पत्तियों का भी वितरण किया.
किसानों की आय दोगुनी करने का प्रयास
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने किसानों को उनकी समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया और कहा कि उनकी सरकार लगातार इस प्रयास में लगी है कि किसानों की आय दोगुनी हो. इसके लिए सरकार द्वारा कई स्तरों पर काम किया जा रहा है. एक ओर जहां फूड प्रोसेसिंग प्लांट के जरिए किसानों की फसलों के खपत का इंतजाम किया जा रहा है, वहीं उन्हें सही मूल्य मिल सके और बिचौलियों से बच सके, इसको लेकर हाईटेक तकनीक अपनायी जा रही है.
4 कोल्ड रूम और 5 तालाबों का शिलान्यास
सीएम ने कहा कि किसानों को आर्थिक मदद मिल सके, इसके लिए लाखों किसानों के बीच किसान क्रेडिट कार्ड दिया जा रहा है. तालाब को गहरा किया जा रहा है. गांव का पानी गांव में ही रहे, इसके लिए भी योजनाएं चलाई जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने इस मौके पर चार कोल्ड रूम और पांच तालाबों के निर्माणकार्य का ऑनलाइन शिलान्यास किया. इस मौके पर कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने भी अपने विभाग की उपलब्धियों और सरकारी योजनाओं को किसानों के सामने रखा.
सीएम के सामने गिनाईं समस्याएं
किसानों ने कहा कि वे बिजली, सिचांई के साथ-साथ बाजार की समस्या से जूझ रहे हैं. कृषि उत्पादों के लिए स्टोर की व्यवस्था नहीं होने के कारण सब्जियां सड़ जाती हैं. वहीं बीमा को लेकर भी किसानों ने मुख्यमंत्री के सामने खुल कर अपनी बातें रखीं. किसानों ने इस मौके पर मुख्यमंत्री को कम लागत में ज्यादा उत्पादन के लिए कुछ सुझाव भी दिए. मुख्यमंत्री के सामने किसानों की समस्याओं को स्थानीय सांसद राम टहल चौधरी और विधायक डॉ. जीतू चरणराम ने भी रखा.
28 जून तक चलेगा प्रखंड कृषि महोत्सव
गौरतलब है कि किसानों के साथ सीधा संवाद के लिए राज्य सरकार ने 20 से 28 जून तक प्रखंड कृषि महोत्सव सह कृषि चौपाल कार्यक्रम की शुरुआत की है. इसके तहत सूबे के हर प्रखंड में तीन दिवसीय कार्यक्रम होगा, जहां अधिकारी किसानों के साथ सीधा संवाद करेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours