पलामू I झारखंड के पलामू में एक महिला के साथ हैवानियत की सारी हदें पार कर दी गईं. बेटा नहीं होने के चलते इस महिला को पति समेत ससुरालवालों ने तेजाब से नहला दिया. महिला 80 फीसदी जल चुकी है. पीड़ित महिला ने पलामू पुलिस में इस सिलसिले में केस दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया. रिम्स में महिला का ठीक से इलाज नहीं किया गया. अब ये महिला इंसाफ के लिए रांची कोर्ट का दरवाजा खटखटाई है.
रांची सिविल कोर्ट के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट तारकेश्वर दास की अदालत में मामला दर्ज किया गया है. इस मामले में गुरुवार को सुनवाई होगी. महिला के मुताबिक बेटा नहीं होने के कारण उसे तांत्रिक के पास ले जाने के बहाने पति सहित ससुरालवालों ने रास्ते में तेजाब से नहला दिया और मरा हुआ समझकर जंगल में छोड़ दिया. बतौर महिला राहगीरों ने उसे पलामू के लेस्लीगंज अस्पताल पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया.
पीड़ित महिला का मायका रांची है. पिता मजदूर है. इसलिए गरीबी के चलते उसका ठीक से इलाज नहीं हो पा रहा है. पिता बीरबल साव ने न्याय और इलाज के लिए कई जगह गुहार लगायी, लेकिन कहीं से कोई मदद नहीं मिली. लिहाजा थक हारकर रांची कोर्ट में न्याय के लिए याचिका दर्ज कराया गया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours