रांची के कांके में प्रखंड कृषि महोत्सव सह कृषि चौपाल कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जेएमएम पर जमकर हमला बोला. इस दौरान उन्होंने सोरेन परिवार पर कई गंभीर आरोप लगाये.
सोरेन परिवार पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी हित की बात करने वाला यह परिवार सबसे ज्यादा आदिवासियों को ठगने का काम किया है. इस परिवार ने सीएनटी-एसपीटी एक्ट का उल्लंघन कर सबसे ज्यादा जमीन खरीदी है. एक दिन में छह- छह जमीनों की रजिस्ट्री करवायी है.
मुख्यमंत्री ने जेएमएम के साथ-साथ कांग्रेस, राजद और अन्य विपक्षी दलों पर भी हमला बोला. मुख्यमंत्री ने इन पार्टियों को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि ये सभी मिलकर घोटाले करते रहे हैं और राज्य की जनता को वेवकूफ बनाते रहे हैं, लेकिन अब जनता जाग गयी है.
मुख्यमंत्री के हमले पर जेएमएम महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोप क्यों लगा रहे हैं, मामले की जांच कराएं और कार्रवाई करें. जेएमएम नेता ने कहा कि जांच के दायरे में हर कोई होना चाहिए. किसी को टारगेट कर परेशान करना, नहीं चलेगा.
बता दें कि जेएमएम की अगुवाई में पूरा विपक्ष एकजुट होकर भूमि अधिग्रहण संशोधन बिल-2017 को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है. मंगलवार को जहां पूरे राज्य में पुतला दहन कार्यक्रम का आयोजन हुआ, वहीं गुरुवार को प्रखंड मुख्यालयों पर धरना होगा. इस मुद्दे पर विपक्ष का आंदोलन अभी आगे जारी रहेगा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours