मिशन 2019 में झारखंड की सभी 14 सीटों पर कब्जा जमाने की रणनीति को लेकर भाजपा आगे बढ़ रही है. भाजपा में कार्यकर्ताओं को इसके लिए बूथ स्तर तक तैयार रहने के लिए कहा गया है. भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव ने रांची में अपने एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम में पार्टी के नेताओं को यह निर्देश दिया.

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री राम माधव आज रविवार को एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत रांची पहुंचे. उन्होंने यहां पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, कोर कमिटी और प्रकल्पों की बैठक की. इन बैठकों में सबसे प्रमुख लक्ष्य 2019 का लोकसभा चुनाव है. इसकी तैयारी के लिए हर कार्यकर्ता को लगने को कहा गया. पिछले साल भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर रांची आए थे. इस दौरान अमित शाह ने सभी इकाइयों को अलग-अलग टास्क दिया था. मकसद संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना है. इसके अलावा बूथ स्तर पर पन्ना प्रमुखों को सशक्त करना है.

प्रत्येक बूथ पर हर 15 मतदाताओं के लिए एक कार्यकर्ता को पन्ना प्रमुख बनाया जा रहा है. 15 मतदाताओं को पार्टी का समर्थक बनाने का जिम्मा हर पन्ना प्रमुख पर होगा. हर बूथ पर मतदाताओं की संख्या के आधार पर पन्ना प्रमुख बनाए जा रहे हैं. पदाधिकारियों की बैठक में अमित शाह द्वारा दिए गए काम की समीक्षा की गई. साथ ही प्रदेश में सदस्यों की संख्या पर भी चर्चा हुई. राम माधव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार बेहतरीन काम कर रही है. विपक्ष कमजोर है इसलिए एकजुट होने की कोशिश कर रहा है.

झारखंड में लोकसभा की 14 सीटें हैं. अभी 12 सीटों पर भाजपा काबिज है. शेष 2 सीटों को भी जीतने की रणनीति भाजपा बना रही है. झारखंड के संदर्भ में राम माधव ने कहा कि यहां अच्छा काम हुआ है.



इस बैठक में बूथ स्तर की श्रेणी पर भी चर्चा हुई. पार्टी के लिहाज से सबसे कमजोर बूथ पर फोकस करने को कहा गया है. कोर कमिटी की बैठक में राज्य में राजनीतिक विषयों पर भी चर्चा हुई. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा दिए गए टास्क की समीक्षा की गई. पदाधिकारी, मोर्चा अध्यक्ष, प्रकोष्ठ, प्रकल्प के संयोजकों को दिए गए काम के बारे में पूछा गया. अमित शाह अगले माह एक दिन के प्रवास पर झारखंड आएंगे. इस दौरान कई कार्यक्रम होंगे. झारखंड के प्रसिद्ध लोगों से भी इनकी मुलाकात होगी.

इसके अलावा सरकार और संगठन के बीच समन्वय का भी उन्होंने निर्देश दिया. पार्टी कार्यकर्ताओं के मनोबल को ऊंचा रखने की सक्रियता के लिए पदाधिकारियों को संवाद बनाने का निर्देश दिया गया है. पूरे तौर पर कहें तो राम माधव ने सभी लोगों को मिशन 2019 के लिए बिना देर किए लगने को कहा.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours