पश्चिम सिंहभूम जिला के नोवामुंडी में कुछ ग्रामीणों द्वारा जंगली हिरण को जान से मारने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. नोवामुंडी वन क्षेत्र के पदाधिकारी आनन्द बिहारी ने गुप्त सूचना के आधार पर नोवामुंडी थाना के एएसआई भीम सिंह एवं पुलिस बल के साथ संयुक्त रूप से पचाई साई के टोला डोंडिया साई में छापा मार कर एक मृत हिरण के साथ ही आरोपी अजीत नायक और नेपाली तिरिया नामक दो युवकों को गिरफ्तार किया है.

जानकारी के अनुसार भोजन पानी की तलाश में एक जंगली हिरण जंगल से भटक कर तोड़ेतोपा, पचाईसाई की ओर पहुंच गया था. कुछ युवकों की नजर जब हिरण पर पड़ी तो उन्होंने उसे दौड़ाना शुरु किया. युवकों से परेशान जंगली हिरण पचाईसाई में मेन रोड किनारे स्थित ढाबे तक पहुंच गया. तब डोंडिया साई के लोगों ने ढाबे के पास काम कर रहे मजदूरों के सहयोग से जीवित जंगली हिरण को पकड़ लिया और जीवित हिरण को वन विभाग को सौंपने की बात कह उसे अपने साथ अपने गांव ले गए.

इस बात की सूचना मिलते ही रेंजर आनन्द बिहारी एवं एएसआई भीम सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस बल तथा वन कर्मियों के साथ डोंडिया साई में छापामारी अभियान चला कर नेपाली तिरिया के निशान देही पर मरे हुए हिरण को जब्त करते हुए अजीत नायक नामक युवक को भी हिरासत में ले लिया  और उससे अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ कर रहे हैं.

इस संगीन मामले में कई अन्य लोगों की संलिप्तता भी सामने आने की संभावना है. जिन पर वन्य जीव अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर करवाई किए जाने की तैयारी की जा रही है. फ़िलहाल गांव के कई अन्य लोग भी वन विभाग के शक के दायरे में हैं. जिन्होंने जंगली हिरण का शिकार किया था.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours