बोकारो के चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के एसबीआई शाखा में कार्यरत होमगार्ड के जवान गोवर्धन महतो ने अपने ही रायफल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. बैंक में गोली चलने की आवाज से अफरातफरी का माहौल हो गया. घटना स्थल पर पहुंच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के अनुसार बैंक बंद होने से कुछ समय पहले ही होमगार्ड के जवान ने खुद को गोली मार ली. गोली चलने की आवाज पर बैंक के अधिकारी व कर्मी के साथ आसपास के लोग भी दौड़े तो देखा की होमगार्ड का जवान खून से लथपथ गिरा है. जवान की मौत हो चुकी थी. समझा जा रहा है कि जवान ने अपने थ्री नॉट थ्री रायफल से खुद को गोली मार ली. गोली ठु़्ड्डी में लगी जो आरपार हो गई.
बताया जा रहा है कि जवान गोवर्धन महतो नावाडीह प्रखंड का रहने वाला था. वह मानसिक रूप से काफी परेशान था. लेकिन किस कारण परेशान था इसकी जानकारी अभी नहीं मिल पाई है. मामले में पुलिस बोलने से बच रही है. पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही मामले का खुलासा हो पाएगा. नावाडीह से मृतक के परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. घटना के बाद से मृतक की पत्नी और तीन बच्चों की स्थिति काफी खराब है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours