धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता को सिर्फ इसलिए मौत के घाट उतार दिया गया क्योंकि उसने अपने पति के लिए सोने की अंगूठी और फ्रिज मायके वालों से मांगने से इनकार कर दिया. घटना बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह इलाके की है. मृतका के परिजनों ने दहेज के लिए मारपीट और हत्या का आरोप लगाते हुए युवक के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है. बहरहाल पुलिस ने मृतका के पतिऔर उसके ससुर को हिरासत में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि लगभग 14 माह पहले देवघर जिले के मार्गोमुंडा इलाके की युवती की शादी बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भंडारीडीह इलाके में हुई थी. महिला को एक 4 माह का बेटा भी है. लेकिन शादी के इतने दिनों बाद भी दहेज के लिए बार-बार उसका शौहर उसे प्रताड़ित किया करता था. बीती रात लगभग 11बजे दोनों पति-पत्नी कमरे के अंदर एक साथ सोए. लेकिन सुबह में महिला की लाश मिली.

महिला के पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. जबकि पति के ससुराल वालों का आरोप है कि दहेज के लिए उनकी बेटी को उसके पति ने मार डाला है. मिली जानकारी के अनुसार दहेज में सोने की अंगूठी की मांग की जाती थी तो कभी फ्रिज लाने को कहा जाता था. युवक के ससुराल वाले गरीब होने का हवाला देकर उसे समझाने का प्रयास किया करते थे. लेकिन युवक सबकुछ अनसुना कर दिया करता था. पत्नी की प्रताड़ना दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही थी.

घटना के बाद पीड़ित परिवार की तरफ से सैकड़ों की संख्या में आए लोगों ने युवक पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की. मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि एक कमरे में एक साथ सोने के बाद कोई फांसी लगा ले और दूसरे को पता नहीं चले, ऐसा संभव ही नहीं है. पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को हिरासत में लेकर छानबीन शुरू कर दी है. महिला की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.  पुलिस का कहना है कि अब पोस्टमार्टम और पुलिसया जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि ये हत्या है या आत्महत्या.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours