झारखंड में गुमला जिले के भरनो ब्लॉक सह अंचल कार्यालय के लिए राज्य सरकार की मदद से नए मॉडल भवन का निर्माण कार्य पूरा हो गया है. इसका उद्घाटन बीते शुक्रवार को ग्रामीण विकास राज्यमंत्री निलकंठ सिंह मुंडा, केंद्रीय राज्यमंत्री सुदर्शन भगत और विधानसभा अध्यक्ष दिनेश उरांव ने संयुक्त रूप से किया. इस दौरान हजारों की संख्या में स्थानीय लोगों के साथ जिला उपायुक्त भी अपने तमाम पदाधिकारियों के साथ मौजूद थे.
आपको बता दें कि राज्य सरकार के ग्रामीण विकास विभाग के करोड़ों रुपए के फंड से बनी इस मॉडल भवन में ब्लॉक स्तर के सभी कार्यालयों के लिए कमरे उपलब्ध होंगे. इसी के साथ आने वाले ग्रामीणों के बैठने के लिए भी पूरी व्यवस्था है साथ ही यहां स्टोर रूम से लेकर कम्प्यूटर कक्ष की भी सम्पूर्ण व्यवस्था की गई है.
भवन पूरी तरह आधुनिक तकनीकी सुविधाओं को देखते हुए बनाया गया है. वहीं उद्घाटन के बाद ग्रामीण विकास राज्यमंत्री नीलकंठ सिंह मुंडा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही भवन के नीचे सारी ब्लॉक स्तर की सुविधा उपलब्ध कराना है. वही उन्होंने यह भी कहा कि भवन निर्माण के बाद कर्मी की व्यवस्था की पहल शुरू कर दी गई है.
वहीं इस मौके पर मौजूद स्थानीय सांसद सह केंद्र में राज्यमंत्री सुदर्शन भगत ने कहा कि अब पदाधिकारी सुविधा का बहाना बनाकर विकास योजना को धीमा नहीं कर सकते हैं. अब उन्हें इलाके के विकास के लिए पूरी ईमानदारी से काम करने का माहौल मिलेगा. वहीं इस दौरान मौजूद पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा की भवन की उपयोगिता कर्मी के कमी के कारण न के बराबर है. ऐसे में लोगों को और परेशानी होगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours