खाद्य आपूर्ति मंत्री सरयू राय जिला समन्वय समिति की बैठक में भाग लेने रामगढ़ पहुंचे. बैठक में उन्होंने सभी विभागों के विकास कार्यों की समीक्षा की और समय पर कार्यों को पूरा करने निर्देश दिया. वहीं कुंदरिया बस्ती में भूख से मौत के मामले में सवाल पूछने पर उन्होंने कहा कि भूख से मौत पर कोई सूचना आती है, तो डीसी को स्पष्ट रूप से इंस्ट्रक्शन दिया गया है कि मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाए. दो मामलों में परिवारवालों ने पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहा.

मंत्री ने कहा कि भूख से मौत की खबर से राज्य बदनाम होता है, क्योंकि इस तरह की खबरें विदेश तक में छपती हैं. एेसे में सोच समझकर आरोप लगाना चाहिए. वहीं जिला की उपायुक्त राजेश्वरी बी ने कहा कि यह अफवाह है. भूख से मौत नहीं हुई है, बल्कि बीमारी से मौत हुई है. बतौर डीसी जब बीडीओ-सीओ ने घर जाकर जांच की तो पाया कि घर में खाना बना हुआ था. उन्होंने कहा कि परिवारवालों के इनकार करने पर चिंतामन का पोस्टमार्टम नहीं हुआ. इस मामले में वरीय पदाधिकारी को भी जांच के लिए भेजा गया है.

बता दें गिरिडीह, चतरा के बाद अब रामगढ़ में भूख से मौत का मामला सामने आया है. मांडू प्रखण्ड के कुंदरिया बस्ती के 40 वर्षीय चिंतामन मल्हार की कथित तौर पर भूख से मौत हुई. गुरुवार को मौत की खबर मिलते ही अंचलाधिकारी गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार को 15 किलो चावल, आलू और नगद 5 हजार रुपए दिए. इससे पहले गिरिडीह और चतरा में भूख से मौत का मामला सामने आया था, लेकिन प्रशासन की जांच रिपोर्ट में इसे भूख से मौत नहीं माना गया, जबकि बीमारी को मौत का कारण बता दिया गया.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours