खूंटी और रांची जिला के बॉर्डर बारहातु गांव में विकास मेला के बहाने सरकार ने पत्थलगड़ी को रोकने की कवायद शुरू कर दी है. विकास मेला में रांची उपायुक्त राय महिमापत रे और एसएसपी कुलदीप द्विवेदी ने उज्जवला योजना के तहत गैस कनेक्शन, किसानों को कृषि यंत्र, छात्र- छात्राओं को किताब-कॉपी बांटे. लगभग पांच सौ लाभुकों के बीच सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया.

बता दें कि पिछले साल खूंटी से शुरू होकर आज झारखंड के सिमडेगा, सराईकेला, चाईबासा सहित कई जिले पत्थलगड़ी की आग में झुलस रहे हैं. सरकार के लिए नक्सली से भी ज्यादा पत्थलगड़ी समर्थकों ने चुनौती खड़ी कर दी है. ऐसे समय में सरकार ने सुदूर क्षेत्रो में लोगों को सरकारी लाभ देने की कवायद शुरू की है.

सरकार ने अगर यह सब पहले किया होता तब शायद आज पत्थलगड़ी और सरकार विरोधी शक्तियों से लोग इतनी तेजी से नहीं जुड़ते. आज सरकार जिस तरह से सरकार आपके द्वार और विकास मेला के जरिए लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है उससे ऐसा लगता है कि सरकार ने काफी समय बीत जाने के बाद ऐसा सकारात्मक कदम उठाया है.

विकास मेले में रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने कहा कि पीएम मोदी के निर्देश पर गांव के हर तबके के लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार और प्रशासन का दायित्व है. उन्होंने इस विकास मेले को एक शुरुआत बताते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रम अन्य जगहों पर भी आयोजित किए जाएंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours