संगठन में महिलाओं की भागीदारी और उनकी समस्या को सुनने के लिए कांग्रेस ने अनोखा कदम उठाया है. कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से सीधे बात करने के लिए महिला कांग्रेस ने शक्ति नाम से एक ऐप लांच किया है. कांग्रेस भवन में शनिवार को लांच की गई इस शक्ति ऐप को लेकर महिलाओं में उत्साह देखते ही बन रहा था.
नमो ऐप के जवाब में कांग्रेस ने शक्ति एप को लांच किया है. इसके माध्यम से महिला कांग्रेस की कार्यकर्ता और नेता सीधे कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से बात कर सकेंगी. शनिवार को कांग्रेस भवन में इस ऐप को पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, महिला कांग्रेस प्रभारी नेटा डिसूजा सहित कई नेताओं की मौजूदगी में लांच किया गया. साथ ही राहुल गांधी के संदेशो को भी सुनाया गया.
कांग्रेस अध्यक्ष से बात करने के लिए उत्साहित इन महिलाओं को एक वाट्सएप नंबर 7996479964 भी दिया गया जिस पर महिलाओं को सबसे पहले अपना वोटर आईडी नंबर भेजना होगा. वोटर आईडी भेजते ही कांग्रेस मुख्यालय से इनके आईडी नंबर की जांच पड़ताल करने के बाद राहुल गांधी से सीधे बात कराई जाएगी.
बदलते समय के साथ कांग्रेस टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल पर ज्यादा जोर दे रही है. जाहिर तौर पर वर्तमान समय में लोगों से जुड़ने का सबसे सरल और सस्ता माध्यम सोशल मीडिया है. ऐसे में 2019 के चुनावी जंग को हर हाल में जीतने के लिए कांग्रेस इन दिनों इस तरह के टेक्नोलॉजी पर ज्यादा ध्यान दे रही है. देखना होगा कि यह नया प्रयोग कांग्रेस को कितनी शक्ति प्रदान करती है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours